आज सूरज कुछ ज्यादा चमक रहा है! मामाअर्थ (MamaEarth) की को-फाउंडर गजल अलघ (Ghazal Alagh) ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर यह बात लिखी। मौका था मामाअर्थ की मूल कंपनी होनासा कंज्यूमर (Honasa Consumer) की शेयर बाजार में लिस्टिंग का। इस मौके पर गजल अलघ ने अपने पति और कंपनी के को-फाउंडर वरुण अलघ (Varun Alagh) के साथ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज NSE) में पारंपरिक घंटी बजाई। गजल अलघ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "एक छोटे से अपार्टमेंट में शुरुआत करने से लेकर स्टॉक एक्सचेंज पर सूचीबद्ध होने तक, होनासा कंज्यूमर के लिए यह एक शानदार सफर रहा है। हम पर विश्वास करने के लिए धन्यवाद। हम साथ मिलकर मौजूदा मानदंडों को चुनौती देने और इंडस्ट्री को बदलने में योगदान देना जारी रखेंगे। भविष्य समय के साथ चलने वालों का है!"
मामाअर्थ के को-फाउंडर को पूरा भरोसा है कि शेयर बाजार में भी उनकी कंपनी का प्रदर्शन अच्छा रहा। एक यूजर्स को रिप्लाई देते हुए भी उनका यह भरोसा दिखा। यूजर ने कहा था कि वह अपनी कंपनी के प्रदर्शन को लेकर अति आत्मविश्वास में है, इस पर गजल अलघ ने तुरंत जवाब देते हुए कहा, "अति आत्मविश्वास नहीं सर, यह सिर्फ मेरे कारोबार पर विश्वास है।""
मामाअर्थ के शेयरों ने पहले दिन लाभ के साथ कारोबार का अंत किया था। कंपनी ने अपना IPO लॉन्च करने से पहले ग्राहकों का भरोसा जीतने पर ध्यान दिया था और उसके बाद वह पैसे जुटाने के लिए बाजार में आई थी।
गजल अलघ के सोशल मीडिया पोस्ट को आप नीचे देख सकते हैं-
मामाअर्थ ने करीब 7 साल पहले बच्चों के लिए टॉक्सिन-फ्री प्रोडक्ट बनाने से अपने कारोबार की शुरुआत की थी। आज कंपनी के पास कुल 6 ब्रांड है। हालांकि कस्टमर लॉयल्टी के मोर्चे पर कंपनी को अभी भी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके कुछ प्रोडक्ट को, खासतौर से बालों के लिए लॉन्च किया ओनियन ऑयल इन दिनों सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। यूजर्स का कहना है कि यह ऑयल वांछित नतीजे नहीं दे रहा है।
होनासा कंज्यूमर का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) आखिरी दिन 7.59 गुना अधिक सब्सक्रिप्शन के साथ बंद हुआ था। कंपनी ने अपने IPO के तहत 2.89 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखा था, जिसके बदले में उसे 21.92 करोड़ शेयरों के लिए बोली मिली थी। जोमैटो के को-फाउंडर और सीईओ दीपिंदर गोयल ने भी इस IPO के लिए आवेदन किया था और उन्हें अलॉटमेंट में कंपनी के 33,422 शेयर मिले हैं।