Market This Week : शुक्रवार (2 अगस्त) के करेक्शन के बाद बाजार में आठ सप्ताह की बढ़त का सिलसिला टूट गया और साप्ताहिक बढ़त खत्म हो गई। कमजोर इकोनॉमिक डेटा के बीच ग्लोबल इक्विटी बाजारों के रुझान के चलते बाजार में कमजोरी देखने को मिली। इस हफ्ते के दौरान फेड अध्यक्ष द्वारा मुद्रास्फीति के दबाव कम होने के कारण सितंबर की बैठक में संभावित दर में कटौती का संकेत दिया गया था। इसके बाद बेंचमार्क ने एक नया सर्वकालिक उच्च स्तर दर्ज किया। इस हफ्ते में बीएसई सेंसेक्स 350.77 अंक या 0.43 प्रतिशत गिरकर 80,981.95 पर बंद हुआ। जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 117.15 अंक या 0.47 प्रतिशत गिरकर 24,717.70 पर बंद हुआ। 1 अगस्त को निफ्टी इंडेक्स 25,078.30 की नई रिकॉर्ड ऊंचाई को छू गया। जबकि बीएसई सेंसेक्स 82,129.49 की नई ऊंचाई पर पहुंच गया।
