Market mood : निफ्टी 50 ने दिसंबर 2024 के लिए तय लक्ष्य अप्रैल में ही किया हासिल, क्या अभी और बाकी है दम!
Market mood : जैसे-जैसे 2024 आगे बढ़ेगा, बाजार की गति और मैक्रो इकोनॉमिक फैक्टर यह निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे कि क्या निफ्टी 50 अंतर को पाट सकता है और कुछ ब्रोकरेज फर्मों द्वारा निर्धारित अपेक्षाओं को पूरा कर सकता है
MoneyControl News
अपडेटेड Apr 11, 2024 पर 7:08 PM
Stock market : निफ्टी 50 में उछाल का श्रेय पॉजिटिव इकोनॉमिक संकेतकों, मजबूत कॉर्पोरेट आय की उम्मीद और अनुकूल वैश्विक बाजार स्थितियों को दे रहे हैं। एक्सिस सिक्योरिटीज ने दिसंबर 2024 तक निफ्टी 50 के लिए 23,000 का लक्ष्य रखा है
Stock market : एनएसई निफ्टी 50 इंडेक्स में अब तक जोरदार तेजी देखने को मिली है। इसने दिसंबर 2024 के लिए दो ब्रोकरेज फर्मों द्वारा निर्धारित साल के अंत के लक्ष्य को पहले ही पार कर लिया है। अभी तो अप्रैल ही चल रहा है। मौजूदा बाजार स्थितियों में मजबूत तेजी के साथ निवेशक दिलचस्पी के साथ निफ्टी के ऊपर की ओर बढ़ने की गति पर नजर रखे हुए हैं। यूबीएस ने 2024 के अंत तक के लिए निफ्टी 50 के लिए 20,000 का लक्ष्य रखा था, जबकि कोटक सिक्योरिटीज का नजरिया 21,834 के लक्ष्य के साथ थोड़ा ज्यादा उम्मीदों से भरा था। हालांकि, निफ्टी पहले ही इन अनुमानों को पार कर चुका है, जो मौजूदा तेजी के आगे भी जारी रहने का संकेत है।
यूबीएस और कोटक सिक्योरिटीज द्वारा निर्धारित लक्ष्य हुए हासिल
10 अप्रैल को निफ्टी 50 और सेंसेक्स दोनों 0.5 फीसदी बढ़कर 22,753.80 और 75,038.15 पर बंद हुए थे। निफ्टी 50 में आए इस उछाल ने न केवल यूबीएस और कोटक सिक्योरिटीज द्वारा निर्धारित लक्ष्य को पार कर लिया है बल्कि यह एक्सिस सिक्योरिटीज और गोल्डमैन सैक्स द्वारा निर्धारित लक्ष्य के काफी करीब आ गया है।
निफ्टी एक्सिस सिक्योरिटीज और गोल्डमैन सैक्स के लक्ष्य के करीब
विश्लेषक निफ्टी 50 में इस उछाल का श्रेय पॉजिटिव इकोनॉमिक संकेतकों, मजबूत कॉर्पोरेट आय की उम्मीद और अनुकूल वैश्विक बाजार स्थितियों को दे रहे हैं। एक्सिस सिक्योरिटीज ने दिसंबर 2024 तक निफ्टी 50 के लिए 23,000 का लक्ष्य रखा है। जबकि गोल्डमैन सैक्स ने 23,500 का लक्ष्य रखा है। निफ्टी 50 इंडेक्स वर्तमान में 22,750 अंक के आसपास मंडरा रहा है। यह इन ब्रोकरेज फर्मों द्वारा लक्ष्य से 1 फीसदी और 3 फीसदी दूर है।
यह बाजार की मजबूती का संकेत है और भारत की आर्थिक संभावनाओं के बारे में निवेशकों के विश्वास की पुष्टि करता है। जैसे-जैसे निफ्टी इन लक्ष्यों के करीब आ रहा है भारतीय इक्विटी बाजार में निवेशकों के विश्वास को और मजबूती मिल रही है। इससे आने वाले दिनों में और बढ़त की संभावना दिख रही है। बाजार जानकारों को उम्मीद है कि निफ्टी आने वाले दिनों में नए हाई बनाना जारी रखेगा, क्योंकि बाजार में तेजी का माहौल बरकरार है।
जेफरीज, नोमुरा इंडिया, आईसीआईसीआई डायरेक्ट और प्रभुदास लीलाधर द्वारा निफ्टी के लिए निर्धारित लक्ष्य बाजार पर उनके तेजी के नजरिए का संकेत दे रहे हैं। निफ्टी 50 को अभी भी इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए काफी दूरी तय करनी है।
ब्रोकरेज को उम्मीद है कि 2024 के दौरान विदेशी निवेश में बढ़त, कैपेक्स साइकिल (हाउसिंग, कॉर्पोरेट और सरकार) में सुधार, यील्ड में गिरावट, मध्यम ग्लोबल इकोनॉमिक ग्रोथ, तेल और कमोडिटी की कीमतें में नरमी और 2024 के आम चुनावों में वर्तमान सरकार की वापसी से निफ्टी 50 में आगे बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
हालांकि, ब्रोकरेज फर्मों का ये भी कहना है कि डॉलर में उछाल, कमोडिटी या तेल की लंबे समय तक ऊंची कीमतें, उम्मीद के विपरीत चुनाव परिणाम, लगातार हाई लेवल पर बनी रहने वाली महंगाई, हाई यील्ड या हार्ड लैंडिंग स्थितियों के कारण रिस्क प्रीमियम में बढ़त और वैल्यूएशन में गिरावट हो सकती है।
हाल के महीनों में निफ्टी 50 का मजबूत प्रदर्शन, पॉजिटिव इकोनॉमिक इंडीकेटरों और निवेशकों के मजबूत सेंटिमेंट के साथ मिल कर निफ्टी को धीरे-धीरे कुछ ब्रोकरेज द्वारा निर्धारित ऊंचे लक्ष्यों के करीब पहुंचने का रास्ता साफ कर सकता। जैसे-जैसे 2024 आगे बढ़ेगा, बाजार का मोमेंटम और मैक्रो इकोनॉमिक फैक्टर यह तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे कि क्या निफ्टी 50 अंतर को पाट सकता है और कुछ ब्रोकरेज फर्मों द्वारा निर्धारित अपेक्षाओं को पूरा कर सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।