Stock market : 11 दिसंबर को बाजार भारी उतार-चढ़ाव के बीच बढ़त के साथ बंद होने में कामयाब रहा। निफ्टी आज 21000 के करीब बंद हुआ है। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 102.93 अंक यानी 0.15 फीसदी की बढ़त के साथ 69,928.53 पर बंद हुआ है। वहीं, निफ्टी 27.70 अंक या 0.13 फीसदी ऊपर बढ़कर 20,997.10 पर बंद हुआ है। आज लगभग 2211 शेयर बढ़े हैं। 1358 शेयर गिरे हैं जबकि 174 शेयरों में कोई बदलाव देखने को नहीं मिला है। यूपीएल, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज ऑटो, अदानी एंटरप्राइजेज और एलटीआईमाइंडट्री निफ्टी के टॉप गेनर रहे हैं। जबकि डॉ रेड्डीज लैबोरेटरीज, सिप्ला, एक्सिस बैंक, बीपीसीएल और एमएंडएम निफ्टी के टॉप लूजर रहे हैं।
सेक्टोरल इंडेक्सों पर नजर डालें तो पीएसयू बैंक, एफएमसीजी, कैपिटल गुड्स, पावर, मेटल और रियल्टी इंडेक्स 0.5-1 फीसदी ऊपर बंद हुए हैं, जबकि फार्मा इंडेक्स 0.4 फीसदी नीचे बंद हुआ है। बीएसई मिडकैप इंडेक्स 1 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.7 फीसदी बढ़ा है।
12 दिसंबर को कैसी रह सकती है बाजार की चाल
प्रोग्रेसिव शेयर्स के निदेशक आदित्य गग्गर का कहना है कि बाजार आज सीमित दायरे में घूमता रहा। कारोबार के अंत में निफ्टी 27.70 अंकों की बढ़त के साथ 20,997.10 पर बंद हुआ। फार्मा को छोड़कर बाकी सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। पीएसयू बैंकों और मीडिया शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही। आज के कारोबार में रेलवे शेयरों में वॉल्यूम बेस्ड खरीदारी देखने को मिली। रेंज बाउंड कारोबार के बावजूद पॉजिटिव मार्केट ब्रेड्थ से संकेत मिलता है कि बाजार में भाग लेने वाले की रुचि छोटे-मझोले शेयरों की ओर ज्यादा है जिसके चलते मिड और स्मॉलकैप इंडेक्सों ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
पिछले कुछ दिनों से निफ्टी एक सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव कर रहा है लेकिन सकारात्मक पक्ष यह है कि समर्थन स्तर ऊपर की ओर शिफ्ट हो गया है। निफ्टी के लिए 21,090 पर तत्काल रजिस्टेंस है जबकि नीचे की तरफ 20900 पर सपोर्ट है।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के विनोद नायर का कहना है कि सेंसेक्स ने आज 70,000 का स्तर पार कर लिया। जबकि ब्रॉडर मार्केट ने बेंचमार्क इंडेक्सों से बेहतर प्रदर्शन किया। हालांकि, ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली देखने को मिली क्योंकि ट्रेडर्स को अमेरिका और भारत से महंगाई पर कल जारी होने वाले अहम डेटा के साथ-साथ आईआईपी से संकेत मिलने की उम्मीद है। अमेरिकी में महंगाई के स्थिर रहने का अनुमान है लेकिन बाजार को घरेलू महंगाई में बढ़त की आशंका है। हालांकि, उम्मीद से बेहतर अमेरिकी जॉब डेटा और हाल के निचले स्तर से अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में मामूली बढ़त ने भी निवेशकों को ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली करने के लिए प्रोत्साहित किया। ब्याज दरों पर आगे की नीति का अंदाजा लगाने के लिए निवेशक कल होने वाली एफओएमसी बैठक पर करीब से नजर रखेंगे। हालांकि इस बार दरों में यथास्थिति बरकरार रहने की उम्मीद है।
शेयरखान के जतिन गेडिया का कहना है की निफ्टी आज सपाट रुख पर खुला और एक रेंज के भीतर कंसोलीडेट होता रहा। यह 20 अंक की मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। डेली चार्ट पर हम देख सकते हैं कि निफ्टी 21000 के स्तर के आसपास कारोबार कर रहा है जो शॉर्ट टर्म के नजरिए से मनोवैज्ञानिक बाधा के रूप में काम कर सकता है। कुल मिलाकर बाजार का रुझान पॉजिटिव है। अगर निफ्टी में 20870-20850 की तरफ गिरावट आती है तो इसे खरीदारी के मौके के रूप में इस्तेमाल किया जाना चाहिए। पिछले हफ्ते देखने को मिली जोरदार तेजी के बाद अब बाजार के स्थिर रहने या धीमी गति से बढ़ने की उम्मीद है। सेक्टर रोटेशन और स्टॉक विशेष में तेजी के चलते बाजार में शॉर्ट टर्म में तेजी देखने को मिल सकती है।
बैंक निफ्टी में भी आज तेजी जारी रही और ये मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। इसे 47500 के स्तर के आसपास बिकवाली के दबाव का सामना करना पड़ा। आगे चलकर हमें बैंक निफ्टी में भी कुछ कंसोलीडेशन की उम्मीद दिख रही है। कंसोलीडेशन की ये रेंज 46800 - 47500 होने की संभावना है। कुल मिलाकर ट्रेंड पॉजिटिव है और गिरावट को खरीदारी के मौके के रूप में इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।