Stock market : कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन बाजार बढ़त पर बंद हुए हैं। बैंकिंग शेयरों में अच्छी खरीदारी रही है। फार्मा और FMCG इंडेक्स बढ़त पर बंद हुए हैं। हालांकि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में दबाव देखने को मिला है। PSE, मेटल और एनर्जी शेयरों पर भी दबाव रहा। IT, इंफ्रा, ऑटो शेयरों में भी बिकवाली देखने को मिली। कारोबारी सत्र के अंत में सेंसेक्स 167 प्वाइंट चढ़कर 71,595 पर बंद हुआ है। वहीं, निफ्टी 65 प्वाइंट चढ़कर 21,783 पर बंद हुआ है। बैंक निफ्टी 623 प्वाइंट चढ़कर 45,635 पर बंद हुआ है। जबकि, मिडकैप 439 अंक गिरकर 48,889 पर बंद हुआ है।
आज सेंसेक्स के 30 में से 16 शेयरों में खरीदारी रही। वहीं, निफ्टी के 50 में से 27 शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। बैंक निफ्टी के 12 में से 11 शेयरों में खरीदारी रही। डॉलर के मुकाबले रुपया आज 8 पैसे कमजोर होकर 83.04 पर बंद हुआ है।
आगे कैसी रह सकती है बाजार की चाल
वेंचुरा सिक्योरिटीज के विनीत बोलिंजकर का कहना है कि भारतीय आगे भारतीय बाजार ग्लोबल इंडेक्सों के नक्शेकदम पर चलेंगे क्योंकि बाजार को लिए कोई तत्काल ट्रिगर नहीं है। ताजा महंगाई के आंकड़े आने और कॉरपोरेट्स द्वारा अपनी चौथी तिमाही के नतीजों के एलान के बाद अप्रैल में बदलाव आएगा। इस प्रक्रिया में बाजार मुनाफावसूली के कई दौर से गुजरेंगे। निवेशक समय-समय पर मुनाफावसूली करेंगे। खासकर मिडकैप और स्मॉलकैप में ज्यादा उठापटक होगी। वित्तीय वर्ष के अंत में होने का मतलब यह भी है कि निवेशक अपने पोर्टफोलियो में बदलाव भी करेंगे।
दूसरी ओर, नियोट्रेडर के को-फाउंडर राजा वेंकटरमन ने निवेशकों को इंडेक्स से दूर रहने और सेक्टर विशेष में अवसरों पर नजर रखने की सलाह दी। उन्होंने मनीकंट्रोल को बताया, "निवेशकों को यह जांचना चाहिए कि तीसरी तिमाही के नतीजों के बाद उनके स्टॉक या मौजूदा होल्डिंग चल रही है या नहीं।"
चार्ट के आधार पर वेंकटरमन का कहना है कि निफ्टी के लिए 21,750 पर तत्काल सपोर्ट है क्योंकि यह अगले हफ्ते की एक्सपायरी की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पीएसयू बैंकों के प्रदर्शन पर नजर रखनी चाहिए क्योंकि यह निफ्टी को आगे बढ़ा सकता है।
एलकेपी सिक्योरिटीज के रूपक डे का कहना है कि निफ्टी की शुरुआत सपाट रही और कारोबारी सत्र के दौरान यह साइडवेज रहा। इसे लगातार दूसरे दिन 20DMA पर सपोर्ट मिला। यदि यह निर्णायक रूप से 21,690 से नीचे चला जाता है तो और कमजोरी आ सकती है। 21690 से नीचे की गिरावट निफ्टी के 21,500 की ओर ले जा सकती है। इसके विपरीत, अगर निफ्टी 21,800 से ऊपर चला जाता है तो हमें शॉर्ट टर्म में रिकवरी देखने को मिल सकती है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।