Stock market : अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नरम रुख की वजह से 14 दिसंबर को भारतीय शेयर बाजारों में तेजी आई। जहां सेंसेक्स 929 अंक बढ़कर बंद हुआ, वहीं निफ्टी 50 इंडेक्स 21200 के स्तर के करीब पहुंच गया। निफ्टी आईटी और निफ्टी रियल्टी जैसे इंडेक्स इस तेजी के टॉप लीडर। इनमें 3.5 फीसदी और 3.8 फीसदी की बढ़त हुई। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 929.60 अंक या 1.34 फीसदी बढ़कर 70514.20 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 256.40 अंक या 1.23 फीसदी चढ़कर 21,182.70 पर बंद हुआ। आज मार्केट ब्रेड्थ भी पॉजिटिव रहा। लगभग 1,851 शेयरों में तेजी आई। वहीं, 1,363 शेयरों में गिरावट आई जबकि 86 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप बढ़कर 355 लाख करोड़ रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया, जबकि सभी लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप भी रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ। 14 दिसंबर को लगभग 19 निफ्टी स्टॉक 52-हफ्ते के हाई और कई वर्षों के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए।
टेक महिंद्रा, एलटीआई माइंडट्री, विप्रो, इंफोसिस और एचसीएल टेक्नोलॉजीज निफ्टी के टॉप गेनरों में रहे। गुरुवार के कारोबार में गोदरेज प्रॉपर्टीज और डीएलएफ के शेयर 7 फीसदी तक भाग गए। दरों में कटौती की संभावना से रियल्टी शेयरों में भी जोरदार उछाल आया।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के विनोद नायर का कहना है कि बाजार ने अपना उत्साह जारी रखा और फेडरल रिजर्व की नरम टिप्पणी के दम पर एक नई ऊंचाई पर पहुंच गया। इसके अलावा, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में तेज गिरावट ने निवेशकों के विश्वास में और बढ़त की। भारत के सकल घरेलू उत्पाद के पूर्वानुमान में सुधार, तेल की कीमतों में गिरावट और महंगाई को लक्ष्य तक सीमित रखने के आरबीआई के फैसले के कारण रियल्टी और आईटी के बेहतर प्रदर्शन के साथ ब्रॉडर मार्केट में भी जोरदार तेजी रही।
रेलिगेयर ब्रोकिंग के अजीत मिश्रा का कहना है कि पॉजिटिव ग्लोबल संकेतों को देखते हुए बाजार एक हल्के ठहराव के बाद आज फिर तेजी का रुख पकड़ते दिखा। मजबूत अमेरिकी इंडेक्सों का असर हमारे बाजारों पर जारी रह सकता है और अब हमारी नजर निफ्टी में 21,500 पर है। बैंकिंग और आईटी आईटी शेयरों को प्राथमिकता देना चाहिए। दूसरे सेक्टरों में चुनिंदा शयरों पर ही दांव लगाएं। हालांकि मिडकैप और स्मॉलकैप पैक भी इस तेजी में झूम रहे हैं। लेकिन ये ओवरबॉट दिख रहे हैं। ऐसे में ट्रेडर्स को इन शेयरों को लेकर सावधान रहने की सलाह है।
एलकेपी सिक्योरिटीज के रूपक डे का कहना है कि इंडेक्स आज कंसोलीडेशन रेंज से बाहर आता दिखा है। मार्केट सेंटीमेंट मजबूत बना हुआ है। निफ्टी सभी अहम मूविंग एवरेज से ऊपर टिका हुआ है। निफ्टी के लिए 21,000 पर मजबूत सपोर्ट दिख रहा है। निफ्टी हमें जल्द ही 21,400 और उसके पार जाता दिख सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।