भारतीय इक्विटी बाजार 26 मई को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुआ है। जून सीरीज की शुरूआत आज धमाकेदार तरीके से हुई है। हैवीवेट रिलायंस और सभी सेक्टरों में आई खरीदारी के दम पर निफ्टी आज पांच महीनों के उच्च स्तर पर पहुंच गया। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 629.07 अंक या 1.02 फीसदी बढ़कर 62501.69 पर और निफ्टी 178.10 अंक या 0.97 फीसदी बढ़कर 18499.30 पर बंद हुआ है। अच्छे ग्लोबल संकेतों के साथ बाजार की शुरुआत तेजी के साथ हुई थी। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया वैसे-वैसे बाजार की तेजी भी बढ़ती गई। इस सप्ताह की बाजार की चाल की बात करें तो सेंसेक्स और निफ्टी में 50 1.2 फीसदी और 1.6 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज, सन फार्मा, डिविस लैब्स, एचयूएल और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज निफ्टी के टॉप गेनर रहे। वहीं, ओएनजीसी, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, बजाज ऑटो, भारती एयरटेल और पावर ग्रिड कॉर्प निफ्टी के टॉप लूजर रहे। आज सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए हैं। मेटल, एफएमसीजी, आईटी, रियल्टी, फार्मा और पीएसयू बैंक में 1-1 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। दिग्गजों की तरह ही छोटे-मझोले शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली। बीएसई मिडकैप इंडेक्स में 0.8 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.5 फीसदी की तेजी रही।
29 मई को कैसी रह सकती है बाजार की चाल
रेलिगेयर ब्रोकिंग के अजीत मिश्रा का कहना है कि शुक्रवार को बाजार में तेजी देखने को मिली। जून सीरीज की शुरुआत आज करीब 1 फीसदी की जोरदार तेजी के साथ हुई है। बाजार में चौतरफा खरीदारी के बीच एफएमसीजी, आईटी और रियल्टी सबसे ज्यादा भागे। नतीजतन, निफ्टी दिन के हाई 18499.35 के स्तर पर बंद हुआ। दिग्गजों के साथ ही छोटे-मझोले शेयर भी जोश में रहे जिसके चलते मिडकैप इंडेक्स ने भी नया रिकॉर्ड बनाया।
कंसोलीडेशन के बीच इंडेक्स का रुझान आज पॉजिटिव रहा। अमेरिकी बाजारों में रिकवरी के साथ अब आईटी सेक्टर भी जोश में आ रहा है। इससे आज बाजार को अच्छा सपोर्ट मिला। इसके अलावा रिलायंस जैसी दिग्गज कंपनियों में जोरदार उछाल ने बाजार को अतिरिक्त ऊर्जा प्रदान की है। चूंकि निफ्टी ने निर्णायक रूप से 18400 के स्तर को पार कर लिया है, इसलिए अब हमें शीघ्र ही 18700 का स्तर भी देखने को मिल सकता है। इस बात को ध्यान में रखते हुए ट्रेडर्स को अपनी पोजीशन तय करनी चाहिए।
शेयर खान के जतिन गेडिया का कहना है कि निफ्टी आखिरकार साइडवेज कंसोलीडेशन रेंज से बाहर आकर ऊपर बढ़ता दिखा है। इस ब्रेकआउट के एक व्यापक आधार वाली रैली में बदलने की संभावना दिख रही है। उम्मीद है कि इस रैली में अब सभी सेक्टर भागीदारी करते दिखेंगे। निफ्टी कुछ ही कारोबारी सत्रों में 18800 के स्तर की तरफ जाता दिख सकता है। ऑवरली मोमेंटम इंडीकेट पॉजिटिव क्रॉसओवर दे रहा है। डेली मोमेंटम इंडीकेटर भी एक पॉजिटिव क्रॉसओवर देने के कगार पर है। ऐसे में प्राइस और मोमेंटम इंडिकेटर दोनों ही तेजी जारी रहने के संकेत दे रहे हैं। ऐसे में शॉर्ट टर्म में निफ्टी हमें 18800 की तरफ जाता दिख सकता है।
मेहता इक्विटीज के प्रशांत तापसे का कहना है कि निफ्टी ने सकारात्मक रुझान के साथ अच्छी बढ़त बनाए रखी है। अब निफ्टी के लिए 18888 के इसके ऑलटाइम हाई पर अहम रजिस्टेंस दिख रहा है। वहीं, नीचे की तरफ 18203 पर सपोर्ट है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।