Stock market : भारतीय इक्विटी मार्केट में आज लगातार 3 दिनों की तेजी का दौर विराम लेता दिखा। निफ्टी आज 22,000 के नीचे फिसल गया है। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 361.64 अंक या 0.50 फीसदी गिरकर 72,470.30 पर और निफ्टी 92.10 अंक या 0.42 फीसदी टूट कर 22,004.70 पर बंद हुआ है। आज लगभग 1355 शेयर बढ़े हैं। 2447 शेयर गिरे हैं। जबकि 122 शेयर शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। मिड और स्मॉलकैप ने सेंसेक्स-निफ्टी की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। बीएसई मिडकैप इंडेक्स 0.7 फीसदी बढ़कर बंद हुआ है। वहीं, स्मॉलकैप इंडेक्स सपाट बंद हुआ है।
बजाज फाइनेंस, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज, अदानी पोर्ट्स और एलएंडटी निफ्टी के टॉप गेनर रहे हैं। जबकि पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन, आयशर मोटर्स, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक और विप्रो आज निफ्टी के टॉप लूजर रहे हैं। सेक्टोरल इंडेक्सों की बात करें तो बैंक और आईटी इंडेक्स 0.5 फीसदी नीचे बंद हुए हैं, जबकि कैपिटल गुड्स, रियल्टी, तेल और गैस और मेटल 0.5-1 फीसदी ऊपर बंद हुए हैं।
27 मार्च को कैसी रह सकती है बाजार की चाल
प्रोग्रेसिव शेयर्स के आदित्य गग्गर का कहना है कि भारतीय शेयर बाजारों की शुरुआत आज कमजोरी के साथ हुई और पूरे दिन उतार-चढ़ाव के साथ कारोबार करते हुए निफ्टी 92.05 अंकों की गिरावट के साथ 22,004.70 पर बंद हुआ। ऑवरली चार्ट देखने से ऐसा लगता है कि इंडेक्स एक इन्वर्टेड हेड एंड शोल्डर पैटर्न बना रहा है जहां 22,200 के स्तर को ब्रेकआउट पॉइंट (नेकलाइन) माना जाएगा और उस स्थिति में लक्ष्य 22,640 के आसपास दिख रहा है।
एलकेपी सिक्योरिटीज के रूपक डे का कहना है कि निफ्टी आज पूरे दिन साइड वेज ही रहा क्योंकि छुट्टियों वाले सप्ताह के पहले दिन बाजार भागीदार असमंजस में रहे। हालांकि, शॉर्ट टर्म के लिए रुझान सकारात्मक दिख रहा है क्योंकि इंडेक्स डेली चार्ट पर अहम मूविंग एवरेज से ऊपर बंद हुआ है। निचले स्तर पर 21,840 पर शॉर्ट टर्म सपोर्ट दिख रहा है। जिसके नीचे जाने पर कमजोरी उभर सकती है। ऊपरी स्तर पर 22,240-22,300 पर रजिस्टेंस दिख रहा है।
एलकेपी सिक्योरिटीज के कुणाल शाह का कहना है कि बैंक निफ्टी इंडेक्स ने साइडवेज कारोबार के साथ इस छोटे सप्ताह की धीमी शुरुआत की। निफ्टी के लिए 47000 पर तत्काल रजिस्टेंस दिख रहा है। ये बाधा पार होने पर बैंक निफ्टी में हमें 48000 अंक की ओर शॉर्ट-कवरिंग देखने को मिल सकती है। वहीं, नीचे की तरफ बैंक निफ्टी के लिए 46500-46450 के जोन में सपोर्ट है। इस सपोर्ट के टूटने पर बैंक निफ्टी में 46000 की तरफ गिरावट देखने को मिल सकती है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।