Maruti Suzuki's Next CEO: नतीजे के साथ मारुति ने किया एक और बड़ा ऐलान, कौन बनेगा अगला सीईओ?

Maruti Suzuki's Next CEO: मारुति सुजुकी इंडिया ने आज दिसंबर तिमाही के कारोबारी नतीजे जारी किए। कंपनी का मुनाफा और रेवेन्यू तो बढ़ा ही है, साथ ही एक्सपोर्ट वॉल्यूम रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गया। नेट सेल्स भी रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गई। इस नतीजे के साथ-साथ कंपनी ने यह भी ऐलान किया कि अगला सीईओ और एमडी (सीएमडी) कौन बनेगा क्योंकि मौजूदा सीएमडी का कार्यकाल 31 मार्च 2025 को खत्म हो रहा है

अपडेटेड Jan 29, 2025 पर 3:42 PM
देश की सबसे बड़ी कार कंपनी Maruti Suzuki ने ऐलान किया है कि बोर्ड ने Hisashi Takeuchi को एक बार फिर से एमडी और सीईओ बनाने को मंजूरी दे दी है।

Maruti Suzuki's Next CEO: मारुति सुजुकी इंडिया ने आज दिसंबर तिमाही के साथ-साथ एमडी और सीईओ से जुड़ा भी बड़ा ऐलान किया है। देश की सबसे बड़ी कार कंपनी ने ऐलान किया कि बोर्ड ने Hisashi Takeuchi को एक बार फिर से एमडी और सीईओ बनाने को मंजूरी दे दी है। उनका अगला कार्यकाल 1 अप्रैल 2025 से शुरू होगा और यह तीन साल के लिए होगा यानी कि वह 31 मार्च 2028 तक अपने पद पर बने रहेंगे। यह उनका सीईओ के तौर पर दूसरा कार्यकाल होगा। कंपनी ने उन्हें फिर से सीएमडी बनाने की जानकारी एक्सचेंज फाइलिंग में दी है।

जुलाई 2019 से हैं कंपनी के बोर्ड में

हिसाशी मारुति सुजुकी इंडिया के बोर्ज में जुलाई 2019 से हैं। अप्रैल 2021 में वह कंपनी के ज्वाइंट एमडी (कॉमर्शियल) बने। इसके बाद उन्होंने 1 अप्रैल 2022 से कंपनी के तत्कालीन सीएमडी Kenichi Ayukawa का पद संभाला। वह सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन (SMC) से वर्ष 1986 में जुड़े थे और उनके पास देश-विदेश में काम करने का व्यापक अनुभव है।


कैसी रही Maruti Suzuki के लिए दिसंबर तिमाही?

दिसंबर तिमाही में मारुति सुजुकी का कंसालिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 16 फीसदी उछलकर ₹3,727 करोड़ और रेवेन्यू भी 16 फीसदी उछलकर ₹38,764 करोड़ पर पहुंच गया। स्टैंडएलोन बेसिस पर कंपनी ने ₹36,802 करोड़ की रिकॉर्ड तिमाही सेल्स की जो सालाना आधार पर 15.5 फीसदी अधिक रहा। दिसंबर तिमाही में कंपनी 5,66,213 गाड़ियां बेचीं जो सालाना आधार पर 13 फीसदी अधिक रही। घरेलू बिक्री तो 8.7 फीसदी बढ़कर 4,66,993 यूनिट्स पर पहुंचा लेकिन एक्सपोर्ट 38.2 फीसदी उछलकर रिकॉर्ड 99,220 यूनिट्स पर पहुंच गया। ईबीआईटीडीए भी 14 फीसदी बढ़कर ₹4471 करोड़ पर पहुंच गया लेकिन ईबीआईटीडीए मार्जिन 11.7 फीसदी से फिसलकर 11.6 फीसदी पर आ गया।

अब शेयरों की बात करें तो नतीजे आने से पहले इसके शेयर ग्रीन थे लेकिन फिर यह टूट गए। आज बीएसई पर यह 1.18 फीसदी की गिरावट के साथ ₹11979.75 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह ₹12321.95 के हाई और ₹11890.00 के निचले स्तर तक आया था। एक साल में शेयरों के चाल की बात करें तो पिछले साल 31 जनवरी 2024 को यह एक साल के निचले स्तर ₹9,915.75 और 1 अगस्त 2024 को ₹13,675.00 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा था।

Maruti Suzuki Q3 Results: दिसंबर तिमाही में 16% बढ़ा नेट प्रॉफिट, अनुमान से बेहतर रहे नतीजे

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।