Stock in Focus: स्पेशल्टी केमिकल्स बनाने वाली बालाजी एमाइन्स के शेयरों पर आज जब स्टॉक मार्केट खुलेगा तो इसके शेयरों पर नजर रहेगी। इसकी वजह ये है कि कंपनी ने सितंबर तिमाही के धमाकेदार नतीजे पेश किया है। सितंबर तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू तो 37% बढ़ा है लेकिन मुनाफा लगभग डबल हो गया। कंपनी ने एक कारोबारी दिन पहले इक्विटी मार्केट का कारोबार समाप्त होने के बाद शाम में नतीजे पेश किए थे, अब आज शेयर फोकस में हैं। नतीजे आने से पहले रौनक भरे बाजार में इसके शेयर बीएसई पर 2.66% की बढ़त के साथ ₹1,811.05 (Balaji Amines Share Price) पर बंद हुए थे।
Balaji Amines Q2 Results: खास बातें
चालू वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही जुलाई-सितंबर 2026 में बालाजी एमाइन्स का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 94.7% बढ़कर ₹34.6 करोड़ से ₹67.3 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 37.3% उछलकर ₹468 करोड़ हो गया। ऑपरेटिंग लेवल पर भी कंपनी का परफॉरमेंस दमदार रहा और ईबीआईटीडीए 69.8% बढ़कर ₹101.6 करोड़ तो EBITDA मार्जिन 17.6% से 21.7% हो गया।
इससे पहले जून तिमाही कंपनी के लिए बड़ा झटका साबित हुई थी। वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 33% गिरकर ₹46 करोड़ पर आ गया था तो रेवेन्यू भी 17% फिसलकर ₹385 करोड़ पर आ गया था। ऑपरेटिंग लेवल पर भी कंपनी का ईबीआईटीडीए 31.5% गिरकर ₹66.6 करोड़ और EBITDA मार्जिन 20.9% से 17.3% पर आ गया था।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल
बालाजी एमाइन्स एक स्पेशल्टी केमिकल कंपनी है, जो मिथाइलमाइन, एथिलमाइन, स्पेशलिटी केमिकल्स के डेरिवेटिव्स और फार्मा एक्सीपिएंट्स बनाती है। इसके अलावा कंपनी के पास डेरिवेटिव्स बनाने की भी फैसिलिटीज हैं, जिनका इस्तेमाल फार्मा और पेस्टिसाइट इंडस्ट्रीज में होता है। अब शेयरों की बात करें तो इसने फटाफट रॉकेट की स्पीड से निवेशकों को रिटर्न दिया है। 2 मार्च 2026 को बीएसई पर यह एक साल के निचले स्तर ₹905.15 पर था, जिससे छह ही महीने में यह 190.33% उछलकर 7 सितंबर 2026 को एक साल के हाई ₹2.627.95 पर पहुंच गया था। इस हाई पर शेयरों की तेजी तो थमी लेकिन अब भी एक साल के निचले स्तर से यह 100% ऊपर है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।