Maruti Suzuki Price Hike: दिग्गज कार कंपनी Maruti Suzuki अगले छह महीने में कारों की कीमतें बढ़ा सकती है। कंपनी बढ़ती लागत के दबाव से निपटने और अपना मुनाफा सुधारने के लिए यह कदम उठाने की तैयारी कर रही है। कंपनी के सीईओ हिसाशी टेकुची ने तिमाही नतीजों के बाद इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कीमतें बढ़ाने के लिए सही समय चुना जाएगा।
लागत बढ़ने से मुनाफा 27% गिरा
मारुति सुजुकी का सितंबर तिमाही में नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 27% गिरकर ₹2,410 करोड़ रह गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने ₹3,300 करोड़ का मुनाफा कमाया था। यह बाजार के ₹2,929 करोड़ के अनुमान से भी कम रहा।
कंपनी का रेवेन्यू 26% बढ़कर ₹53,340 करोड़ पहुंच गया। लेकिन कुल खर्च 30% बढ़कर ₹50,600 करोड़ हो गया। कच्चे माल की लागत में सालाना आधार पर 48% की बढ़ोतरी हुई। इससे कंपनी के मुनाफे पर दबाव पड़ा।
पहले भी दो बार बढ़ा चुकी है कीमतें
मारुति ने सितंबर तिमाही में ही दो बार कारों के दाम बढ़ाए थे। कंपनी का कहना है कि लागत में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इससे पहले कंपनी कई महीनों तक अपने खर्च घटाकर इस दबाव को खुद झेलने की कोशिश कर रही थी।
अब कंपनी कीमतें बढ़ाकर बढ़ती लागत के असर को कम करना चाहती है। हालांकि, कीमतों में बढ़ोतरी कब और कितनी होगी, इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है।
छोटी कारों और SUV की मांग मजबूत
कीमतें बढ़ाने की तैयारी के बीच कंपनी की बिक्री में तेजी बनी हुई है। सितंबर तिमाही में छोटी कारों की बिक्री 35.9% बढ़ी। वहीं, SUV की बिक्री में 68.2% का उछाल आया। SUV की मांग सप्लाई से ज्यादा बनी हुई है। इससे कंपनी की बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 40.8% हो गई।
कंपनी के सामने अब चुनौती बढ़ती लागत और कारों की कीमतों के बीच संतुलन बनाने की है। कीमतें बढ़ाने से मुनाफे को सहारा मिल सकता है। लेकिन इसका असर ग्राहकों की मांग पर कितना पड़ेगा, ये देखने वाली बात होगी।
मारुति का शेयर मंगलवार को रिजल्ट के बाद 2.05% चढ़कर 11,450 रुपये पर बंद हुआ। लेकिन, पिछले 6 महीने में स्टॉक 13.40% गिरा है। एक साल में यह 30.13% टूट चुका है। कंपनी का मार्केट कैप फिलहाल 3.60 लाख करोड़ रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।