Maruti Suzuki के शेयर ने पकड़ी रफ्तार, 7% उछला भाव, यूपी में ₹2 लाख तक सस्ता हो जाएगा ये मॉडल

Maruti Suzuki Shares: मारुति सुजुकी इंडिया के शेयर मंगलवार 9 जुलाई को कारोबार के दौरान 7% तक उछल गए और यह निफ्टी-50 इंडेक्स पर सबसे अधिक बढ़ने वाला शेयर बन गया। कंपनी के शेयरों में यह तेजी उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से हाइब्रिड कारों पर रजिस्ट्रेशन शुल्क माफ करने के ऐलान के बाद आया है

अपडेटेड Jul 09, 2024 पर 2:40 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Maruti Suzuki Shares: 2024 की पहली छमाही में उत्तर प्रदेश में पैसेंजर व्हीकल की बिक्री 13.5% बढ़कर 2.36 लाख यूनिट्स रही

Maruti Suzuki Shares: मारुति सुजुकी इंडिया के शेयर मंगलवार 9 जुलाई को कारोबार के दौरान 7% तक उछल गए और यह निफ्टी-50 इंडेक्स पर सबसे अधिक बढ़ने वाला शेयर बन गया। कंपनी के शेयरों में यह तेजी उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से हाइब्रिड कारों पर रजिस्ट्रेशन शुल्क माफ करने के ऐलान के बाद आया है। यूपी सरकार ने हाइब्रिड इलेक्ट्रिक वाहनों और प्लग-इन हाइब्रिड इलेक्ट्रिक वाहनों के रजिस्ट्रेश फीस पर 100% छूट तक का ऐलान किया है।

यूपी सरकार के एक बयान के मुताबिक, ग्राहकों को अब राज्य में एक मजबूत हाइब्रिड कार रजिस्ट्रेशन के लिए केवल मामूली राशि का भुगतान करना होगा। हाइब्रिड कार बनाने वाली मारुति, होंडा, टोयोटा जैसी कंपनियों के लिए यह एक अच्छी खबर है।

इस छूट से हाइब्रिड कारों की बिक्री को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही देश में लग्जरी हाइब्रिड कारों का मार्केट भी बढ़ सकता है। मारुति सुजुकी हाइब्रिड कार सेगमेंट के तहत ग्रैंड विटारा और इनविक्टो जैसे मॉडल ऑफर करती है। देश के पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में उत्तर प्रदेश बड़ा मार्केट है। साल 2024 की पहली छमाही में उत्तर प्रदेश में पैसेंजर व्हीकल की बिक्री पिछले साल के मुकाबले 13.5% बढ़कर 2.36 लाख यूनिट्स रही थी।


CNBC-TV18 ने जिन डीलरों से बात की, उनके अनुसार, इस कर छूट से उत्तर प्रदेश में मारुति की ग्रैंड विटारा की कीमत 2 लाख रुपये तक कम हो जाएगी। रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि मारुति को उम्मीद है कि निकट भविष्य में उसकी कुल बिक्री का एक चौथाई हिस्सा हाइब्रिड वाहनों से आएगा।

मारुति सुजुकी के शेयर को कवर करने वाले 45 में 30 एनालिस्ट्स ने इसे 'Buy (खरीदें)' की रेटिंग दी है। वहीं 11 ने इस 'होल्ड' की रेटिंग दी है। जबकि इनमें से 4 एनालिस्ट्स ने इसे 'Sell (बेचने )' की सलाह दी है।

NSE पर दोपहर 2 बजे के करीब, मारुति सुजुकी के शेयर 6.64 फीसदी बढ़कर 12,822.15 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। इस साल अबतक कंपनी के शेयरों में करीब 24 फीसदी की तेजी आ चुकी है। वहीं पिछले एक साल में इसने अपने निवेशकों को करीब 32 फीसदी का रिटर्न दिया है।

यह भी पढ़ें- Stock Tips: इन शेयरों पर ब्रोकरेज ने लगाया दांव, आपके पोर्टफोलियो में है कोई?

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।