Max Financial Merger : वीकली एक्सपायरी के दिन निफ्टी में कंसोलिडेशन देखने को मिल रहा है। कमजोर नतीजों के बावजूद एंजेल वन में खरीदारी है। फार्मा और ऑटो में खरीदारी देखने को मिल रही है। बालकृष्ण इंडस्ट्रीज भागा है। SBI के QIP साइज के मुकाबले 3 गुना डिमांड देखने को मिली है। कोटक की बुलिश रिपोर्ट के दम पर थर्मेक्स में तेजी आई है। टायर और ऑटो शेयरों में भी रफ्तार देखने को मिल रही है। खबरों के दम पर सोना BLW खूब दौड़ा है।
इस बीच एक ऐसी खबर आई है जिससे मैक्स फाइनेंशियल को झटका लग सकता है। मैक्स फाइनेंशियल और मैक्स लाइफ का मर्जर अटक सकता है। CNBC-TV18 को मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के मुताबिक इंश्योरेंस संशोधन बिल में संशोधन के बाद मर्जर फंस सकता है। IRDAI की कमिटी ने इंश्योरेंस संशोधन बिल में गोपनीय रिपोर्ट दी है। कमिटी ने इंश्योरेंस और नॉन इंश्योरेंस कंपनियों के मर्जर का विरोध किया है। IRDAI की कमिटी की अध्यक्षता SBI के पूर्व चेयरमैन दिनेश खारा कर रहे हैं।
इस रिपोर्ट में कहा गया है कि इंश्योरेंस और नॉन इंश्योरेंस कंपनियों का मर्जर पॉलिसी होल्डर के पक्ष में नहीं है। इंश्योरेंस संशोधन बिल के लिए कमिटी के सुझाव IRDAI सरकार को देगी। विरोध के चलते मैक्स फाइनेंशियल और मैक्स लाइफ का मर्जर फंस सकता है। एक्सिस मैक्स लाइफ ने CNBC-TV18 को मर्जर पर मई 2024 को सफाई दी थी। इसमें कहा गया था कि'मैक्स फाइनेंशियल और मैक्स लाइफ के मर्जर को जल्द मंजूरी संभव'है। 'H2FY25 से मर्जर की रीस्ट्रक्चरिंग प्रोसेस शुरू करेंगे।'
इस खबर के चलते मैक्स फाइनेंशियल के शेयर आज 32.10 रुपए यानी 2.05 फीसदी की गिरावट के साथ 1536 रुपए के आसपास दिख रहा है। आज का इसका दिन का लो 1,509 रुपए है। 1 हफ्ते में ये शेयर 2.83 फीसदी टूटा है। वहीं, 1 महीने में इसमें 3.06 की गिरावट आई है। तीन महीने में ये शेयर 26.26 फीसदी टूटा है। जनवरी से अब तक ये शेयर 38.06 फीसदी भागा है। वहीं, एक साल में ये शेयर 47.97 फीसदी भागा है।