Meesho Share Price: दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी मीशो की दो-तिहाई आउटस्टैंडिंग इक्विटी लॉक-इन खत्म होने के बाद अब ट्रे़डिंग के लिए फ्री हो गई है। इसके चलते शुरुआती कारोबार में शेयर फिसल गए लेकिन फिर ब्रोकरेज फर्म जेफरीज के बुलिश रुझान के साथ-साथ करीब ₹1540 करोड़ की ब्लॉक डील ने इसे संभाल लिया और यह उछल पड़ा। फिलहाल बीएसई पर यह 1.47% की बढ़त के साथ ₹169.40 के भाव (Meesho Share Price) पर है। इंट्रा-डे में यह 4.61% उछलकर ₹174.65 तक पहुंच गया था। वहीं शुरुआती कारोबार में तो यह 1.14% टूटकर ₹165.05 तक आ गया था। ब्लॉक डील की बात करें तो मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक इसके तहत 9.3 करोड़ शेयरों यानी 2% इक्विटी का लेन-देन हुआ लेकिन बायर्स और सेलर्स की जानकारी फिलहाल मिल नहीं पाई है।
Meesho के कितने शेयरों का लॉक-इन खत्म
नुवामा अल्टरनेटिव एंड क्वांटिटेटिव रिसर्च के मुताबिक मीशो के 308.3 करोड़ शेयर यानी कंपनी की 68% आउटस्टैंडिंग इक्विटी आज बुधवार 10 जून को ट्रेडिंग के लिए फ्री हो गई। एक कारोबारी दिन पहले के क्लोजिंग प्राइस के हिसाब से इन शेयरों की वैल्यू ₹51800 करोड़ है। हालांकि ध्यान दें कि लॉक-इन खत्म होने का मतलब ये नहीं है कि इन शेयरों की बिकवाली होने वाली है बल्कि इसका मतलब ये है कि अगर शेयरहोल्डर्स को जरूरत पड़ी तो वे शेयर बेचकर मुनाफा निकाल सकते हैं।
Jefferies क्यों है मीशो पर बेयरेश
वैश्विक ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने मीशो की ₹225 के टारगेट प्राइस और खरीदारी की रेटिंग के साथ कवरेज शुरू की है। जेफरीज का कहना है कि मीशो एक ऐसा 'वैल्यू कॉमर्स' प्लेटफॉर्म बना रही है जो किफायती दाम, डिस्कवरी और लॉजिस्टिक्स एफिसिएंसी पर आधारित है। साथ ही MSME सप्लाई नेटवर्क से इसका जो लॉयल य़ूजर बेस मजबूत हुआ है, वह कंपनी की तेजी से बढ़ती ग्रोथ को सहारा दे रहा है। जेफरीज का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2030 तक इसका नेट मर्चेंडाइज वैल्यू सीएजीआर 25% और एडजस्टेड ईबीआईटीडीए मार्जिन 3% होगा। जेफरीज के मुताबिक निगेटिव वर्किंग कैपिटल और नेट कैश बैलेंस शीट मीशो की ऐसी ग्रोथ में मदद करेंगे जिसमें कम पूंजी की ज़रूरत होती है।
अब तक कैसी रही शेयरों की चाल?
₹5421 करोड़ के आईपीओ के तहत निवेशकों को मीशो के शेयर ₹111 के भाव पर जारी हुए थे। 10 दिसंबर 2025 को 45% से अधिक प्रीमियम पर एंट्री के बाद उछलकर 18 दिसंबर 2025 को यह ₹254.65 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। हालांकि इस हाई से 3 ही महीने में यह 50.64% फिसलकर 16 मार्च 2026 को लिस्टिंग के बाद के रिकॉर्ड निचले स्तर ₹125.70 पर आ गया था।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।