Afcons Infrastructure Share: अफकॉन्स इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयरों को 10 जून को पंख लग गए। इसकी वजह एक बड़ा ऑर्डर है। कंपनी को वाधवान पोर्ट प्रोजेक्ट (वीपीपीएल) से 5,301 करोड़ रुपये का एक ऑर्डर मिला है। इसके तहत कंपनी महाराष्ट्र में बनने वाले वधावन पोर्ट में 10.14 किलोमीटर लंबी ब्रेकवाटर बनाएगी। कंपनी को इस प्रोजेक्ट का लेटर ऑफ अवॉर्ड मिल गया है। 10 जून को कंपनी के शेयरों पर इसका असर दिखा।
बाजार खुलते ही शेयरों को लगे पंख
Afcons Infrastructure का शेयर 10 जून को बाजार खुलने पर एक समय 8 फीसदी तक चढ़ गया था। हालांकि, बाद में तेजी थोड़ी कम हो गई। 10:45 बजे यह 6.07 फीसदी चढ़कर 334.65 रुपये पर चल रहा था। अफकॉन्स ने कहा है कि यह दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा ब्रेकवाटर होगा। यह वाधवान पोर्ट डेवलपमेंट प्रोजेक्ट का प्रमुख हिस्सा होगा।
दुनिया के अहम इंफ्रा प्रोजेक्ट में से एक
कंपनी के एग्जिक्यूटिव चेयरमैन कृष्णमूर्ति सुब्रमण्यन ने कहा कि यह प्रोजेक्ट कॉम्प्लेक्स मरीन इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पूरा करने में अफकॉन्स की एक्सपर्टाइज का संकेत है। ग्लोबल मैरीटाइम हब बनने की भारत की महत्वाकांक्षा को पूरा करने में इस प्रोजेक्ट की बड़ी भूमिका होगी। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर एस परमशिवन ने कहा कि यह प्रोजेक्ट दुनिया का अहम इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट है।
अफकॉन्स शोपोरजी पलोनजी ग्रुप की कंपनी है
कंपनी ने कहा है कि उसने इससे पहले देश और विदेश में कछई मरीन इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पूरे किए हैं। अफकॉन्स शापोरजी पलोनजी ग्रुप की फ्लैगशिप इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन कंपनी है। यह दुनिया के 31 देश में सेवाएं देती है। अफकॉन्स का शेयर बीते एक साल में करीब 15 फीसदी गिरा है।
शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों में तेजी
शेयर बाजारों में 10 जून को तेजी देखने को मिली। निफ्टी 0.56 फीसदी यानी 132 अंक चढ़कर 23,372 पर चल रहा था। सेंसेक्स 0.68 फीसदी यानी 493 अंक के उछाल के साथ 74,414 पर चल रहा था। बैंक निफ्टी में भी 0.50 फीसदी की तेजी देखने को मिली।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।