Merritronix IPO Listing: डिफेंस से लेकर टेलीकॉम और इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए प्रोडक्ट बनाने वाली मेरिट्रॉनिक्स के शेयरों की आज BSE SME पर धांसू एंट्री हुई। इसके आईपीओ को निवेशकों का धांसू रिस्पांस मिला था और ओवरऑल इसे 315 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹149 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी ₹283.10 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 90% का लिस्टिंग गेन (Merritronix Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर यह ₹297.25 (Merritronix Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 99.50% मुनाफे में हैं।
Merritronix IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
मेरिट्रॉनिक्स का ₹70 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 1-3 जून तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 315.36 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 224.91 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 476.59 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 297.67 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 47 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹21.36 करोड़ मशीनरी और इक्विपमेंट्स की खरीदारी, ₹12.72 कर्ज हल्का करने, ₹21.95 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
मेरिट्रॉनिक्स एक ESDM (इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम्स डिजाइन एंड मैन्युफैक्चरिंग) कंपनी है जिसे डिफेंस, ऐरोस्पेस, टेलीकॉम और इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए हाई-रिलायबिलिटी और मिशन-क्रिटिकल इलेक्ट्रॉनिक एसेंबलीज में महारत हासिल है। यह बी2बी बिजनेस में है। इसकी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी की क्षमता सालाना 17.85 लाख प्रोडक्शन यूनिट की है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2024 में इसे ₹3.05 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2025 में उछलकर ₹8.66 करोड़ और फिर वित्त वर्ष 2026 में ₹16.10 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम भी सालाना औसतन 34% से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹156.25 करोड़ पर पहुंच गई। मार्च 2026 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹43.20 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹40.34 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।