क्विक कॉमर्स स्टार्टअप जेप्टो अगले हफ्ते की शुरुआत में कैपिटल मार्केट रेगुलेटर SEBI के पास IPO के लिए अपडेटेड ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) जमा करने की तैयारी में है। मामले की जानकारी रखने वालों से मनीकंट्रोल को पता चला है कि कंपनी फाइलिंग के तुरंत बाद संभावित इनवेस्टर्स के साथ मीटिंग शुरू करने की भी तैयारी कर रही है। इन मीटिंग्स में IPO ला रही कंपनी के अधिकारी संभावित निवेशकों से बातचीत करके, अपनी वित्तीय स्थिति और बिजनेस प्लान दिखाकर उन्हें IPO में निवेश के लिए आकर्षित करने की कोशिश करते हैं।
जेप्टो जून महीने के आखिर में या जुलाई में अपना IPO लॉन्च करने की दिशा में काम कर रही है। मामले की जानकारी रखने वालों का कहना है कि Zepto अपने IPO के जरिए 100 करोड़ डॉलर से ज्यादा (10000 करोड़ रुपये से ज्यादा) जुटाने की योजना बना रही है। इश्यू का प्रस्तावित साइज पहले चर्चा में रही 80 करोड़ से 100 करोड़ डॉलर की रेंज से ज्यादा है। यह मार्केट में उतरने से पहले निवेशकों की दिलचस्पी को लेकर कंपनी के भरोसे को दिखाता है।
जेप्टो की शुरुआत आदित पालिचा और कैवल्य वोहरा ने 2021 में की थी। यह कंपनी भारत की सबसे बड़ी क्विक कॉमर्स कंपनियों में शामिल है। इसके कॉम्पिटीटर्स में जोमैटो की ब्लिंकइट, स्विगी इंस्टामार्ट, और फ्लिपकार्ट मिनट्स शामिल हैं।
Zepto ने दिसंबर 2025 में जमा किया था कॉन्फिडेंशियल ड्राफ्ट
कंपनी ने दिसंबर 2025 में कॉन्फिडेंशियल रूट से IPO के कागजात जमा किए थे। मई 2026 में इसे SEBI से मंजूरी मिली। कॉन्फिडेंशियल रूट कंपनियों को लिस्टिंग पर अंतिम फैसले पर पहुंचने तक गोपनीयता की सुविधा देता है। अगर जरूरी हो तो वे बाद में बाजार की स्थितियों के आधार पर महत्वपूर्ण जानकारी का खुलासा किए बिना ड्राफ्ट को वापस भी ले सकती हैं।
कॉन्फिडेंशियल प्री-फाइलिंग कंपनियों को सेंसिटिव बिजनेस डिटेल्स या फाइनेंशियल मेट्रिक्स और रिस्क्स को गोपनीय रखने की इजाजत देती है, खासकर कॉम्पिटीटर्स से। दूसरी ओर स्टैंडर्ड DRHP (ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस) फाइलिंग के बाद एक पब्लिक डॉक्युमेंट बन जाता है।
डेली ऑर्डर वॉल्यूम बढ़कर 25 लाख प्रतिदिन से ज्यादा
पिछले एक साल में Zepto के कारोबार में तेज बढ़ोतरी हुई है। मई में रिपोर्ट आई कि कंपनी के डेली ऑर्डर वॉल्यूम बढ़कर 25 लाख प्रतिदिन से ज्यादा हो गए हैं। पहले यह आंकड़ा लगभग 15-17 लाख ऑर्डर प्रतिदिन का था। हाल ही में खबर आई कि Zepto की तिमाही नेट ऑर्डर वैल्यू (NOV) लगभग 100 करोड़ डॉलर हो गई है। 2025 के आखिर में तिमाही NOV लगभग 50 करोड़ डॉलर थी। यह कंपनी के ग्रॉसरी-बेस्ड क्विक कॉमर्स ऑपरेशंस में बढ़ोतरी को दिखाता है।
NOV एक अहम ऑपरेटिंग मेट्रिक है। यह कैंसिलेशन, रिटर्न और डिस्काउंट को घटाने के बाद ऑर्डर्स की वैल्यू को मापती है। Zepto अपने NOV में एडवरटाइजिंग से होने वाली कमाई को भी शामिल करती है, जिसे वह नेट रियलाइजिंग वैल्यू (NRV) कहती है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।