Mid-day Mood : भारतीय बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स-निफ्टी 17 अक्टूबर को बढ़त के साथ खुले। ग्लोबल बाजारों में आई तेजी ने हमारे बाजारों में भी जोश भर दिया है। सभी सेक्टरों में आई चौतरफा खरादारी से बाजार दिन के हाई पर पहुंचने में कामयाब रहा। निफ्टी धीरे-धीरे 19850 के स्तर के करीब पहुंच गया है। दोपहर के कारोबारी सत्र में सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जिसका असर बाजार की मजबूती के रूप में दिख रहा है। इस समय लगभग 2102 शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है। जबकि 1004 शेयरों में गिरावट आई है। वहीं, 135 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। बाजार में इस समय 1 गिरने वाले शेयर पर 2 बढ़ने वाले शेयर देखने को मिल रहे हैं।
दोपहर 01:00 बजे के आसपास सेंसेक्स 372.19 अंक या 0.56 फीसदी बढ़कर 66539.75 पर और निफ्टी 114.45 अंक या 0.58 फीसदी बढ़कर 19846.20 पर कारोबार कर रहा था।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के सिद्धार्थ खेमका का कहना कि इस हफ्ते कई दिग्गज कंपनियों के नतीजे आने वाले हैं। इन पर बाजार की नजर रहेगी। इन नतीजों की बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका होगी। इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव, मैक्रो इकोनॉमिक आंकड़ों और एफआईआई के निवेश की स्थिति का भी बाजार पर असर पड़ेगा। कुल मिलाकर उम्मीद है कि त्योहारी सीजन के दौरान अच्छी मांग और आगे आने वाले नतीजों के अच्छे रहने की उम्मीद के कारण बाजार में तेजी का रुझान जारी रहेगा।
बाजार जानकारों का मानना है कि अब निफ्टी के लिए 19800 पर तत्काल रजिस्टेंस था जिसको इसने सुबह को कारोबारी सत्र में पार कर लिया है। उम्मीद है कि इस बाधा को पार करने के बाद निफ्टी 19850-19880 की तरफ जाता दिखेगा।
नतीजों के मौसम में स्टॉक विशेष गतिविधि देखने को मिल रही है। अच्छे नतीजों के दम पर आज एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, सीएट और साइएंट डीएलएम जैसे इंडेक्स हैवीवेट्स में तेजी आई है। वहीं, दूसरी तरफ ट्राइडेंट ग्रुप के कई स्थानों पर आयकर विभाग की तलाशी की रिपोर्ट से स्टॉक पर निगेटिव असर पड़ा है। जिससे यह 2 फीसदी से ज्यादा टूटा है। ब्रॉडर मार्केट की बात करें तो निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स लगभग एक फीसदी बढ़ा है। वहीं, निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 0.4 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहा है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।