Mid-day Mood : घरेलू इंक्विटी इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी 28 सितंबर को शुरूआती कारोबार में लाल और हरे रंग के बीच झूलते दिखे। लेकिन दोपहर होते-होते बाजार में कमजोरी बढ़ गई। जिसके चलते निफ्टी 19600 के अपने अहम सपोर्ट स्तर के नीचे चला गया। मजबूत डॉलर इंडेक्स, बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और ब्रेंट क्रूड का 97 डॉलर से अधिक बढ़ना बाजार के लिए परेशानी बढ़ाने का काम कर रहा है। इससे मार्केट सेंटीमेंट पर निगेटिव असर देखने को मिला है।
02.00 बजे दोपहर के आसपास 30 शेयरों वाली BSE सेंसेक्स 500 अंकों से ज्यादा टूट कर 66000 के नीचे चला गया। फिलहाल सेंसेक्स 511.87 अंक या 0.77 फीसदी टूटकर 65606.82 पर और निफ्टी 156.20 अंक या 0.79 फीसदी गिरकर 19560.30 पर दिख रहा है। लगभग 1408 शेयर बढ़े हैं। 1663 शेयर गिरे हैं। वहीं, 102 शेयरों में को बदलाव नहीं हुआ है। आज मिडकैप में भी कमजोरी देखने को मिल रही। हालांकि स्मॉलकैप आउटपरफार्म करता दिख रहा है।
बाजार में अंडरकरंट कमजोर : वीके विजयकुमार
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के वीके विजयकुमार का कहना है कि भले ही बाजार मजबूती दिखा रहा है लेकिन अंडरकरंट कमजोर है। डॉलर इंडेक्स 106.59 पर पहुंच गया है। यूएस 10-ईयर बॉन्ड यील्ड 4.62 फीसदी पर और ब्रेंट क्रूड 97 डॉलर से ऊपर है। ये ऐसी चुनैतियां हैं जो बाजार को और नीचे खींच सकती हैं। एफआईआई ने सितंबर में अब तक 21640 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची है। इनकी तरफ से और बिकवाली की संभावना है।
उन्होंने आगे कहा कि निवेशकों को सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने ट्रेडरों को मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों पर मुनाफावसूली करने की सलाह दी है। उनका कहना कि आक्रामक खरीदारी और बाजार में आए अतिउत्साह के कारण बढ़े शेयरों में मुनाफा काट लेना चाहिए। वीके विजयकुमार की राय है कि लार्जकैप ज्यादा सुरक्षित हैं। खासकर बैंकिंग/फाइनेंशियल,कैपिटल गुड्स और ऑटो सेक्टर के लॉर्ज कैप शेयरों पर नजर रखनी चाहिए।
28 सितंबर को बायबैक के लिए कंपनी की बोली के निपटान से पहले, एलएंडटी के शेयर लगभग 3 फीसदी उछलकर 3,050.50 रुपये के नए रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए। यूबीएस ने एलएंडटी पर अपना टारगेट 3,040 रुपये प्रति शेयर से बढ़ाकर 3,600 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज हाउस का मानना है कि कंपनी की नई रणनीति अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मिलने वाले ऑर्डरों में बढ़त होगी। एनएसएल ग्रीन स्टील रीसाइक्लिंग में 50 फीसदी हिस्सेदारी के अधिग्रहण के बाद जेएसडब्ल्यू स्टील के शेयरों में लगभग 1 फीसदी की बढ़त हुई।
पिछड़ने वालों पर नजर डालें तो वोडाफोन आइडिया के शेयर लगभग 3 फीसदी गिरकर 11.5 रुपये पर आ गए। ट्राई के कमजोर मासिक सब्सक्रिप्शन डेटा से पता चला कि इस दूरसंचार कंपनी ने जुलाई में 13.2 लाख ग्राहक खो दिए हैं। पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन में भी 2 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई है।
अधिकांश सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में हैं। गुरुवार के कारोबार में बैंकिंग, ऑटो, एफएमसीजी इंडेक्स में गिरावट आई है। निफ्टी आईटी में 1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिल रही है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।