Mid-day Mood : इक्विटी बेंचमार्क सेंसेक्स और निफ्टी ने 24 अगस्त को दोपहर के सत्र में शुरुआती बढ़त को खोने के बाद लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। बाजार में आज बैंकिंग,इंफ्रा और खपत वाले शेयरों में खरीदारी देखने को मिली है, वहीं मेटल, फार्मा और सरकारी बैंकों में दबाव देखने को मिल रहा है। दोपहर 1.35 बजे को आसपास निफ्टी 33.40 अंक यानी 0.17 फीसदी की गिरावट के साथ 19410.60 के स्तर पर दिख रहा था। जबकि सेंसेक्स 82.44 अंक यानी 0.13 फीसदी गिर कर 65349.44 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। लगभग 1811 शेयरों में तेजी देखने को मिल रही थी। वहीं, 1241 शेयरों में गिरावट आई थी। जबकि 104 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ था।
निफ्टी मिडकैप इंडेक्स ने अपनी तेजी का सिलसिला बरकरार रखा। श्रीराम फाइनेंस, मैक्स फाइनेंशियल, एबीबी इंडिया, आरईसी और कॉफोर्ज जैसे काउंटरों में मजबूत खरीदारी के दम निफ्टी मिडकैप इंडेक्स ने पहली बार 39 000 का आंकड़ा पार किया। 7329.3 करोड़ रुपये मूल्य के 1.54 करोड़ शेयरों के ब्लॉक डील के बाद कोफोर्ज में 4 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी आई है। हालांकि खरीदारों और विक्रेताओं के बारे में तुरंत पता नहीं चल पाया है। लेकिन सीएनबीसी-आवाज़ ने पहले बताया था कि हल्स्ट बीवी मिडकैप आईटी फर्म कोफोर्ज में अपनी पूरी 26 फीसदी हिस्सेदारी बेचने पर विचार कर रही है।
लार्ज-कैप की बात करें तो एशियन पेंट्स 1.30 फीसदी चढ़कर सेंसेक्स पैक में टॉप पर दिख रहा है। इसके बाद एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व, इंफोसिस और आईसीआईसीआई बैंक में भी जोरदार तेजी है। दूसरी तरफ जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, एमएंडएम, टीसीएस और एनटीपीसी में गिरावट देखने को मिल रही है।
रिलायंस रिटेल वेंचर लिमिटेड (आरआरवीएल) में 0.99 फीसदी हिस्सेदारी के लिए कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी के 8278 करोड़ रुपये के निवेश के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज मामूली गिरावट पर कारोबार कर रहा है।
इस निवेश के ऐलान के बाद विदेशी ब्रोकिंग फर्म सिटी ने एक नोट में कहा है कि जियो फाइनेंशियल सर्विसेज की लिस्टिंग के बाद इस निवेश से आरआरवीएल को लेकर उम्मीदें बढ़ती दिखेंगी। बता दें कि रिलायंस रिटेल वेंचर लिमिटेड में रिलायंस इंडस्ट्रीज की 88.9 फीसदी हिस्सेदारी है। सिटी ने रिलायंस इंडस्ट्रीज को "BUY" रेटिंग देते हुए 2750 रुपये का लक्ष्य दिया है।
इसके आलावा आज अदानी एंटरप्राइजेज, इंडसइंड बैंक और बीपीसीएल निफ्टी के टॉप गेनरों की लिस्ट में शामिल हैं।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के वीके विजयकुमार ने कहा कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था की सॉफ्ट लैंडिंग की उम्मीद ने ग्सोबल मार्केट के सेंटीमेंट को सुधार दिया है। वहीं, चंद्रयान 3 की चंद्रमा पर सफल सॉफ्ट लैंडिंग के साथ भारत में बाजार का शॉर्ट टर्म रुख पॉजिटिव हो गया है। कमजोर अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों, खासतौर पर मैन्यूफैक्चरिंग पीएमआई में 49 से 47 तक की गिरावट के कारण यूएस की 10-ईयर बांड यील्ड में 14 आधार अंकों की तेज गिरावट आई है। इस गिरावट के साथ ही ये 4.19 पर आ गया है। अमेरिका में बांड यील्ड घटने से विदेशी निवेशकों का रुख एक बार फिर से भारत जैसें उभरती इकोनॉमी वाली देशों की तरफ हो सकता है।
विजयकुमार ने आगे कहा कि भारतीय रुपये के गिरावट के रुझान में अचानक बदलाव भी निकट अवधि में भारत के पक्ष में ग्लोबल मैक्रोज़ में बदलाव का संकेत है। हालांकि,निवेशकों को यह याद रखना चाहिए कि शॉर्ट टर्म में बाजार के रुख में कभी भी बदलाव हो सकता है। लेकिन बाजार का मीडियम से लॉन्ग टर्म आउटलुक कॉर्पोरेट अर्निंग इकोनॉमिक ग्रोथ पर निर्भर होगा। ऐसे में आगे आने वाले अहम आंकड़ों पर नजर रखें। बैंक निफ्टी में आई रिकवरी निफ्टी के लिए भी शुभ संकेत है।
एंजेल वन के समीत चव्हाण का कहना है कि बाजार में सेक्टोरल रोटेशन देखने को मिल रहा है। हाई-बीटा इंडेक्स निफ्टी बैंक बाजार के सेंटीमेंट को ठीक करने में सारथी की भूमिका निभा रहा है।