Minda Corp Share Price: मिंडा कॉरपोरेशन ने मंगलवार 23 सितंबर को विजन 2030 रोडमैप का खुलासा किया तो निवेशक उत्साहित हो उठे। निवेशकों की ताबड़तोड़ खरीदारी के चलते मिंडा कॉर्प के शेयर 12% से अधिक उछल पड़े। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया लेकिन अब भी शेयर काफी मजबूत स्थिति में है। कंपनी ने मंगलवार को इक्विटी मार्केट का कारोबार बंद होने के बाद खुलासा किया कि इसका लक्ष्य वर्ष 2030 तक इसका रेवेन्यू बढ़कर तीन गुना से अधिक हो सकता है। कंपनी के इस टारगेट पर मिंडा कॉर्प के शेयर आज बीएसई पर 12.55% उछलकर ₹601.20 पर पहुंच गए। हल्की-फुल्की मुनाफावसूली के साथ आज यह 8.42% की बढ़त के साथ ₹579.15 पर बंद हुआ है।
क्या है Minda Corp का मिशन 2030?
मिंडा कॉर्प का लक्ष्य रेवेन्यू को वित्त वर्ष 2025 में ₹5,100 करोड़ से बढ़ाकर वित्त वर्ष 2030 तक ₹17,500 करोड़ तक ले जाने और ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन को 11.4% से बढ़ाकर 12.5% से अधिक ले जाने की है। कंपनी को उम्मीद है कि यह कर्जमुक्त हो जाएगी। वर्ष 2030 तक इसका लक्ष्य नेट डेट टू इक्विटी 0.3x और RoCE (रिटर्न ऑन कैपिटल एंप्लॉयड) 25% के पार ले जाने की है। कंपनी ने अपने विजन डॉक्यूमेंट में रेवेन्यू मिक्स में बदलाव का भी जिक्र किया है। कंपनी को अपना पीवी (पैसेंजर वेईकल) बिजनेस वित्त वर्ष 2025 में 14% से बढ़ाकर वित्त वर्ष 2030 तक 25% तक ले जाने का है। इससे दोपहिया और तिपहिया गाड़ियों पर कंपनी की निर्भरता गिरकर 40% तक जबकि कॉमर्शियल गाड़ियों पर निर्भरता फिसलकर 25% तक आ जाएगी। इससे कंपनी की ग्रोथ और मार्जिन विस्तार को तेजी मिलेगी।
विजन 2030 के मुताबिक मिंडा कॉर्प को स्मार्ट कीज की बढ़ते चलन से वित्त वर्ष 2030 तक स्मार्ट एक्सेस बिजनेस का रेवेन्यू करीब चार गुना उछलकर ₹600 करोड़ और वायरिंग हार्नेस रेवेन्यू के इस दौरान 6 गुना बढ़कर ₹700 करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद है। ईवी के अन्य प्रोडक्ट्स की बात करें तो इससे भी रेवेन्यू करीब छह गुना बढ़कर ₹300 करोड़ पहुंचने की उम्मीद है। इसके अलावा कॉकपिट इलेक्ट्रॉनिक्स से भी रेवेन्यू के इस दौरान ₹100 करोड़ से बढ़कर ₹600 करोड़ पर पहुंचने की उम्मीद है जिसे डिजिटल डिस्प्ले, नेविगेशन और एडीएएस गेन्स ट्रैक्शन से सपोर्ट मिलेगा। कंपनी का निर्यात वित्त वर्ष 2021 से वित्त वर्ष 2025 के बीच 18% की सालाना चक्रवृद्धि रफ्तार (CAGR) से बढ़ा था और अब इसके वित्त वर्ष 2030 तक 37% के सीएजीआर से बढ़कर ₹1500 करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद है।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
मिंडा कॉर्प के शेयर पिछले साल 26 सितंबर 2024 को ₹623.40 पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। इस हाई लेवल से यह 11 महीने में 28.58% फिसलकर 11 अगस्त 2025 को ₹445.25 पर आ गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।