Moneyview IPO Listing: 63% प्रीमियम पर लिस्ट ₹34 का शेयर, आईपीओ को मिली थी 102 गुना बोली

Moneyview IPO Listing: मनीव्यू अपने मोबाइल प्लेटफॉर्म के जरिए डिजिटल फाइनेंशियल सर्विसेज मुहैया कराती है। अब आईपीओ को करीब 102 गुना बोली मिलने के बाद आज इसके शेयर लिस्ट हुए हैं। इसके आईपीओ के तहत नए शेयर जारी हुए हैं और ऑफर फॉर सेल के तहत भी शेयरों की बिक्री हुई है। नई खरीदारी से पहले चेक करें कंपनी की कारोबारी सेहत कैसी है और आईपीओ के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी कैसे करेगी

अपडेटेड Oct 01, 2026 पर 10:02 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Moneyview IPO Listing: मनीव्यू का ₹1,092 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 24-28 सितंबर तक खुला था। आज इसके शेयरों की लिस्टिंग हुई है।

Moneyview IPO Listing: फिनटेक कंपनी मनीव्यू के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में धांसू एंट्री हुई। इसके आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह करीब 102 गुना भरा था। इसके आईपीओ के तहत ₹34 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE पर इसकी ₹55.61 और NSE पर ₹55.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 63% का लिस्टिंग गेन (Moneyview Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर BSE पर यह ₹56.58 (Moneyview Share Price) पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 66.41% मुनाफे में हैं।

Moneyview IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च

मनीव्यू का ₹1,092 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 24-28 सितंबर तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 101.87 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 230.54 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 120.37 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 20.41 गुना भरा था।


इस आईपीओ के तहत ₹750 करोड़ के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा ₹1 की फेस वैल्यू वाले ₹342 करोड़ के 10,04,94,200 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिके हैं। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹325.00 करोड़ DLG (डिफॉल्ट लॉस गारंटी) अरेंजमेंट्स के तहत लोन डिस्बर्सल की ग्रोथ बढ़ाने के लिए निवेश, ₹250.00 करोड़ कैपिटल बेस बढ़ाने के उद्देश्य से मैटेरियल सब्सिडियरी WFBL में निवेश, ₹111.72 करोड़ आम कॉरपोरेट उद्देश्यों और ₹90.96 करोड़ आईपीओ से जुड़े एक्सपेंसेज पर खर्च होंगे।

Moneyview के बारे में

मनीव्यू एक फिनटेक कंपनी है। यह अपने मोबाइल प्लेटफॉर्म के जरिए डिजिटल फाइनेंशियल सर्विसेज मुहैया कराती है। यह पर्सनल लोन, क्रेडिट ट्रैकिंग और फाइनेंशियल मैनेजमेंट सर्विसेज देती है। जून 2026 तक के आंकड़ों के हिसाब से इसे 14.02 करोड़ रजिस्टर्ड यूजर्स हैं और 48 फाइनेंशियल पार्टनर्स। इसका बिजनेस इंश्योरेंस से लेकर क्रेडिट कार्ड, डिजिटल गोल्ड, पेमेंट्स और अर्न्ड वेज एक्सेस तक है।

कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2024-26 में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना 19% से अधिक की रफ्तार यानी CAGR से बढ़कर ₹242.71 करोड़ और टोटल इनकम करीब 57% के सीएजीआर से ₹3,404.27 करोड़ पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2026 में कंपनी को ₹173.80 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹1065.09 करोड़ की टोटल इनकम हासिल हुई थी। जून 2026 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹5,484.76 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹2,374.84 करोड़ पड़े थे।

Coca-Cola IPO: भारत में बॉटलिंग बिजनेस का IPO लाएगी कोका-कोला

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।