Silver Outlook: चांदी अपने रिकॉर्ड हाई से करीब 67% टूट चुकी है। ऐसे में अब इस बात के अनुमान लगाए जा रहे हैं कि क्या चांदी अपने बॉटम पर आ चुकी है यानी कि गिरावट धीमी हो सकती है या फिर रिकवरी हो सकती है। ब्रोकरेज फर्म पीएल कैपिटल के मुताबिक अमेरिकी ब्याज दरों में बढ़ोतरी के आसार, वैश्विक इक्विटी बाजारों में तेज गिरावट और सिल्वर ईटीएफ से लगातार हो रही निकासी ने इसकी चमक फीकी है।
29 जनवरी, 2026 को एक औंस चांदी लगभग $121.60 के रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंचने के बाद इस हफ्ते कॉमेक्स (Comex) पर गिरकर चांदी $39.50 पर आ गई है। इस तरह दस महीनों में हुई बढ़त का लगभग दो-तिहाई हिस्सा खत्म हो गया है। 1980 की भारी गिरावट के बाद मॉडर्न हिस्ट्री में चांदी में यह दूसरी सबसे बड़ी गिरावट है।
Silver Outlook: क्या बता रहा चार्ट
पीएल कैपिटल ने अपनी रिपोर्ट में जिक्र किया है कि डेली चार्ट पर चांदी ने मई में लगभग $89.50 का हाई बनाया था। इसके बाद कीमत लगातार नीचे आई और चार्ट पर ABCD नाम का पैटर्न बना। इसमें ए से बी तक चांदी में गिरावट आई, फिर बी से सी तक कुछ रिकवरी आई और सी से डी तक दोबारा गिरावट आई, जिसमें अहम बात ये है कि C से D की गिरावट, B से C की रिकवरी से लगभग 2.01 गुना हो गई है यानी कि गिरावट लगभग पूरी होने की संकेत मिल रहा है। पीएल कैपिटल के मुताबिक इसने $37–39.50 को एक अहम सपोर्ट जोन बना दिया है, जहां कुछ कंसालिडेशन दिख सकता है।
पीएल कैपिटल के मुताबिक मोमेंटम इंडिकेटर्स से बुलिश डाइवर्जेंस का संकेत मिल रहा है यानी गिरावट की ताकत फीकी पड़ रही है। चार्ट पर आरएसई (रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स) ने एक हायर लो बनाया बनाया तो भाव ने लोअर लो बनाया है। इसके आंकड़े जुलाई के उन लेवल्स के करीब है, जो पिछला बेस बनने से पहले दिखा था।
हालांकि पीएल कैपिटल ने चेतावनी दी है कि ये तकनीकी संकेत सिर्फ शुरुआती स्थिरता की तरफ इशारा करते हैं, न कि किसी पक्के ट्रेंड रिवर्सल की तरफ। ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक चांदी ऊपर ही जाएगी, यह तय करने से पहले देखना जरूरी होगा कि क्या चांदी इस जोन में बनी रहती है और लगातार दो हफ्तों तक बढ़त के साथ बंद होती है और जब तक ऐसा नहीं होता है, तब तक कीमतों में उतार-चढ़ाव को सिर्फ स्थिरता लाने की एक शुरुआती कोशिश के रूप में देखा जाना चाहिए।
क्या करना चाहिए निवेशकों को?
पीएल कैपिटल के कमोडिटी हेड आशीष राजोदिया के मुताबिक निवेशकों को एकमुश्त पैसा लगाने के बजाय सिल्वर ईटीएफ में थोड़ा-थोड़ा करके निवेश करना चाहिए। आशीष के मुताबिक जब तक चांदी $35 के अहम सपोर्ट स्तर से ऊपर बनी रहती है, तब तक आउटलुक पॉजिटिव बना हुआ है।
पीएल कैपिटल के मुताबिक अगर चांदी उबरना शुरू करती है, तो उसे ऊपर जाने में तीन अहम लेवल पर दिक्कतें हो सकती हैं। आशीष का कहना है कि चांदी के $43 तक पहुंचने को शुरुआती रिकवरी का संकेत माना जा सकता है, जिसके बाद $46–$47 पर शॉर्ट-टर्म मूविंग एवरेज है यानी कि यहां थोड़ी बिकवाली दिख सकती है और फिर $51–$52 पर पहुंचने का मतलब चांदी में अच्छी रिकवरी आई है।
पीएल कैपिटल के मुताबिक गोल्ड-सिल्वर रेशियो 85 के आसपास है, जोकि जनवरी के लेवल से लगभग 10 प्वाइंट ऊपर है और 8-9 दिसंबर को अमेरिकी फेड की बैठक होने वाली है, इसलिए आने वाले कारोबारी दिनों में यह साफ हो जाएगा कि क्या यह शुरुआती बढ़त एक मजबूत रिकवरी में बदल पाता है या नहीं।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।