Morgan Stanley ने की बैंकिंग सेक्टर की री-रेटिंग, इन शेयरों में 41% तक की तेजी का जताया अनुमान

मॉर्गन स्टेनली ने कहा कि बैंकिंग शेयरों की री-रेटिंग दो चरणों में काम करती है और भारतीय बैंकिंग सेक्टर अभी पहले से दूसरे चरण में जाने के फेज में है

अपडेटेड Sep 07, 2022 पर 9:25 PM
निफ्टी बैंक इंडेक्स इस साल अभी तक 11 फीसदी बढ़ चुका है

ऐसा लगता नहीं है कि बैंकिंग शेयरों में आई तेजी जल्द खत्म होने वाली है। एनालिस्ट्स पिछले कुछ समय से जिस तरीके से चुनिंदा बैंकिग शेयरों की री-रेटिंग कर रहे हैं और अपने टारगेट प्राइस और अर्निंग के अनुमानों को बढ़ा रहे हैं, उससे इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है।

अब मॉर्गन स्टेनली (Morgan Stanley) ने एक कदम आगे बढ़कर पूरे बैंकिंग सेक्टर की री-रेटिंग की है। ब्रोकरेज हाउस ने इस री-रेटिंग का दूसरा चरण बताया है। मॉर्गन स्टेनली ने 6 सितंबर के नोट में कहा कि बैंकिंग शेयरों की री-रेटिंग दो चरणों में काम करती है और भारतीय बैंकिंग सेक्टर अभी पहले से दूसरे चरण में जाने के फेज में है।

मॉर्गन स्टैनली ने कहा, “पहला चरण आमतौर पर बेहतर एसेट क्वालिटी की उम्मीदों पर आधारित होता है। जैसे-जैसे इसे लेकर जोखिम कम होता है, स्टॉक के नॉर्मलाइज्ड मल्टीपल में तेजी से सुधार आती है। पिछले दो सालों में पहले ही यह हो चुका है।"


ब्रोकरेज फर्म ने कहा, "दूसरा चरण अधिक टिकाऊ होता है और आमतौर पर यह लोन ग्रोथ में उछाल से प्रेरित होता है, जिसके चलते अर्निंग के अपग्रेड की एक साइकल शुरू होती है और हमारा मानना है कि ऐसा होने की सभी परिस्थितियां बन गई हैं।"

यह भी पढ़ें- सभी सरकारी बैंकों के निजीकरण के लिए 10 साल का प्लान बनाए सरकार, RBI के पूर्व गवर्नर डी सुब्बाराव का सुझाव

शेयर की कीमतों में पहले चरण का असर पहले से ही दिखाई दे रहा है। बैंकिंग सेक्टर का प्रतिनिधित्व करने वाले सूचकांक, निफ्टी बैंक इंडेक्स इस साल अभी तक 11 फीसदी बढ़ चुका है, जबकि इसके मुकाबले Nifty-50 में सिर्फ 1.56 फीसदी की तेजी आई है।

पिछली कुछ तिमाहियों से बैंकों ने अच्छी क्रेडिट ग्रोथ, मजबूत बैलेंस शीट और एसेट क्वालिटी में सुधार का आनंद लिया है। मॉर्गन स्टेनली के एनालिस्ट्स ने कहा कि अब वे उम्मीद करते हैं कि इनके लोन ग्रोथ में तेजी आएगी और कैपिटल एक्सपेंडिचर में बढ़ोतरी से यह तेजी लंबे समय तक बनी रहेगी।

मॉर्गन स्टेनली ने अपने कवरेज के तहत अधिकतर बैंकिंग शेयरों का टारगेट प्राइस बढ़ाया। इसने सबसे अधिक टारगेट प्राइस ICICI बैंक (ICICI Bank) का बढ़ाया है, जो इसके मौजूदा बाजार भाव से करीब 41 फीसदी अधिक है। इसके अलावा इसके एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक (AU Small Finance Bank) और एक्सिस बैंक (Axis Bank) के शेयरों में भी मौजूदा स्तर से क्रमश: 36 फीसदी और 33 फीसदी की बढ़ोतरी का अनुमान जताया है।

सरकारी बैंकों की बात करें तो मॉर्गन स्टैनली ने बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB) और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के शेयरों में मौजूदा स्तर से क्रमश: 29 फीसदी और 26 फीसदी की बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। मॉर्गन स्टैनली ने किस बैंक के टारगेट प्राइस में कितना इजाफा किया है, इसे आप नीचे दिए गए चार्ट में देख सकते हैं-

MS-banks

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।