JK Cement के शेयर के लिए मोतीलाल ओसवाल ने घटाया टारगेट, फिर भी 17% चढ़ने का दम; क्या दी रेटिंग

JK Cement Share Price: मोतीलाल ओसवाल ने FY27/FY28 के लिए जेके सीमेंट को लेकर EBITDA अनुमानों में लगभग 8% की कटौती की है। कंपनी के मैनेजमेंट का कहना है कि जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में घरेलू मांग का रुझान मजबूत रहा

अपडेटेड Apr 03, 2026 पर 4:18 PM
Story continues below Advertisement
JK Cement का मार्केट कैप 40000 करोड़ रुपये के करीब है।

ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने जेके सीमेंट के शेयर के लिए टारगेट प्राइस घटा दिया है। हालांकि 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है। नया टारगेट प्राइस 6040 रुपये है, जबकि पहले यह 6780 रुपये था। नया टारगेट BSE पर शेयर के गुरुवार के क्लोजिंग प्राइस 6162 रुपये से 17 प्रतिशत ज्यादा है। शुक्रवार, 3 अप्रैल को शेयर बाजार में गुड फ्राइडे की छुट्टी है। जेके सीमेंट को लेकर मोतीलाल ओसवाल ने अपनी रिसर्च रिपोर्ट में कहा कि घरेलू मांग मजबूत बनी हुई है, लागत का दबाव बढ़ा है, पूंजीगत खर्च (Capex) में तेजी आई है।

ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनी के मैनेजमेंट का कहना है कि 4QFY26 यानि कि जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में घरेलू मांग का रुझान मजबूत रहा। इसकी मुख्य वजह है कि सभी प्रमुख सेगमेंट्स में मांग अच्छी रही। कीमतों का माहौल मिला-जुला रहा, ट्रेड सेगमेंट की तुलना में नॉन-ट्रेड सेगमेंट में मांग ज्यादा रही।

पेटकोक की कीमतों में लगभग 20 डॉलर प्रति टन की बढ़ोतरी के कारण इनपुट लागत का दबाव बढ़ा हुआ है। इसका मतलब है कि लागत में प्रति टन 75-80 रुपये की अतिरिक्त बढ़ोतरी होगी। इसके अलावा, पैकेजिंग की लागत बढ़ने से अप्रैल-जून 2026 तिमाही में कुल परिचालन खर्च (Opex) भी प्रति टन बढ़ जाएगा। हालांकि, लागत में कमी की पहलें चल रही हैं, जैसे कि ग्रीन पावर का ज्यादा इस्तेमाल, लॉजिस्टिक्स को बेहतर बनाना। ये इस असर को कुछ हद तक कम कर देंगी।


वित्त वर्ष 2029 तक क्षमता बढ़ाकर की जाएगी 45mtpa

ब्रोकरेज के मुताबिक, जेके सीमेंट ने पूंजीगत खर्च के जरिए विस्तार की एक आक्रामक रणनीति बनाई है। इसका लक्ष्य मीडियम टर्म में क्षमता को 50mtpa से ज्यादा तक पहुंचाना है। इसके तहत जैसलमेर, मुदप्पुर और पन्ना जैसे प्रमुख प्रोजेक्ट्स की मदद से क्षमता को धीरे-धीरे करके वित्त वर्ष 2028 की पहली छमाही तक लगभग 40mtpa तक पहुंचाया जाएगा। वित्त वर्ष 2029 तक इसे लगभग 45mtpa तक बढ़ाया जाएगा। FY26-28 के दौरान प्रमुख प्रोजेक्ट्स पर कुल पूंजीगत खर्च 90 अरब रुपये रहने का अनुमान है। इसके कारण वित्त वर्ष 2028 तक शुद्ध कर्ज (Net Debt) बढ़कर 79 अरब रुपये हो जाएगा।

वित्त वर्ष 2028 तक शुद्ध कर्ज और EBITDA का अनुपात बढ़कर 2.5 गुना होने की संभावना है। मोतीलाल ओसवाल ने कहा कि मुख्य रूप से बढ़ती लागत के दबाव के कारण उसने FY27/FY28 के लिए जेके सीमेंट को लेकर EBITDA अनुमानों में लगभग 8% की कटौती की है।

6 महीनों में 18 प्रतिशत टूटा JK Cement शेयर

जेके सीमेंट का मार्केट कैप 40000 करोड़ रुपये के करीब है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। शेयर 6 महीनों में 18 प्रतिशत नीचे आया है। एक महीने में यह 8 प्रतिशत गिरा है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 7,565 रुपये और एडजस्टेड लो 4,510 रुपये है। कंपनी का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 3,212.82 करोड़ रुपये रहा। इस बीच शुद्ध मुनाफा 180.54 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2025 के दौरान स्टैंडअलोन रेवेन्यू 11,093.18 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 870 करोड़ रुपये रहा।

Dividend Stock: हर एक शेयर पर मिलेगा ₹48 का डिविडेंड, 22 अप्रैल है रिकॉर्ड डेट

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।