आपने मुहूर्त ट्रेडिंग में क्या शेयरों में निवेश करने का प्लान बनाया है? अगर हां तो आपको इस बारे में ठीक तरह से जान लेना जरूरी है। हर साल मुहूर्त ट्रेडिंग का आयोजन दिवाली के दिन होता है। इस बार दिवाली कल यानी 8 नवंबर को है। बीएसई और एनएसई ने मुहूर्त ट्रेडिंग के समय का ऐलान कर दिया है। दोनों स्टॉक एक्सचेंजों में मुहूर्त ट्रेडिंग का आयोजन होगा।
दिवाली से हिंदू नव वर्ष की शुरुआत होगी
मुहूर्त ट्रेडिंग पर शेयर खरीदना शुभ माना जाता है। इसका आयोजन दिवाली के दिन होता है। इसके साथ ही नए हिंदू नव वर्ष की शुरुआत हो जाती है। इस बार दिवाली से पहले भारतीय शेयर बाजारों में जबर्दस्त तेजी दिखी है। 6 नवंबर को लगातार सातवें दिन भारतीय बाजार जबर्दस्त तेजी के साथ बंद हुए। अमेरिका सहित दुनियाभर के बाजारों में बड़ी गिरावट के बावजूद भारतीय बाजार में शानदार तेजी दिखी।
भारतीय बाजारों में जबर्दस्त तेजी जारी
एक्सपर्ट्स का कहना है कि भारतीय बाजार के अच्छे दिन शुरू हो गए हैं। विदेशी निवेशकों का रुख बदला है। उन्होंने भारतीय शेयर बाजारों में निवेश करना शुरू कर दिया है। अमेरिका और दूसरे बाजारों में एआई और चिप शेयरों में बिकवाली का फायदा भारतीय बाजार को मिलने की उम्मीद है।
रविवार को बीएसई और एनएसई में होगी मुहूर्त ट्रेडिंग
इस बार 8 नवंबर यानी रविवार को दिवाली है। रविवार को शेयर बाजार बंद रहते हैं। लेकिन, मुहूर्त ट्रेडिंग के लिए रविवार को बाजार खुलेंगे। बाजार कब खुलेंगे, महुर्त ट्रेडिंग कितने समय तक होगी, आपको किन शेयरों में निवेश करना है? इन सब सवालों का जवाब पहले से जानने से आपको फायदा होगा।
मुहूर्त ट्रेडिंग के लिए बाजार खुलने का समय
BSE और NSE में मुहूर्त ट्रेडिंग 8 नवंबर यानी रविवार को दोपहर बाद 2:20 से 3:30 के बीच होगी। मुहूर्त ट्रेडिंग को निवेश शुरू करने के लिए शुभ मौका माना जाता है। इसके साथ ही नया हिंदू वर्ष शुरू होता है। हर साल दिवाली के मौके पर शेयर बाजारों में मुहूर्त ट्रेडिंग का सत्र आयोजित होता है। ट्रेडर्स लक्ष्मी-गणेश की पूजा भी करते हैं।
-प्री-सेशन का आयोजन दोपहर बाद 2:05 से 2:20 बजे के बीच होगा।
-ब्लॉक डील का समय दोपहर बाद 1:50 से 2:05 के बीच होगा।
-क्लोजिंग सेशन (नॉन-सीएएस) 3:30 से 3:50 के बीच होगा।
-क्लोजिंग सेशन (CAS) 3:35 से 3:50 के बीच होगा।
-पोस्ट-क्लोजिंग सेशन 3:50 से 4 बजे के बीच होगा।
10 नवंबर को बीएसई और एनएसई में छुट्टी
रविवार यानी 8 नवंबर को दिवाली के दिन मुहूर्त ट्रेडिंग के लिए खुलेंगे। सोमवार यानी 9 नवंबर को शेयर बाजारों में सामान्य कामकाज होगा। 10 नवंबर यानी मंगलवार को दिवाली-बलिप्रतिपदा पर बीएसई और एनएसई दोनों बंद रहेंगे। इस महीने 24 तारीख यानी मंगलवार को भी शेयर बाजारों में प्रकाश गुरुपर्व की छुट्टी रहेगी।
लगातार सातवें दिन भारतीय बाजारों में तेजी
6 नवंबर को लगातार सातवें दिन भारतीय शेयर बाजारों में तेजी रही। निफ्टी 2.01 फीसदी यानी 493.75 अंक चढ़कर 25,030 पर बंद हुआ। सेंसेक्स 2.17 फीसदी यानी 1,718 अंक के उछाल के साथ 81,028 पर बंद हुआ। दोनों ही सूचकांक इस साल की शुरुआत में इस लेवल पर थे। करीब सभी सेक्टर सूचकांकों में तेजी देखने को मिली।