Multibagger Stocks: बॉम्बे स्टॉक एक्सजेंच (BSE) पर लिस्टेड मरकरी मेटल्स (Mercury Metals) के शेयरों में बुधवार 14 सितंबर को एक बार फिर अपर सर्किट लगा और यह 5 फीसदी की उछाल के साथ 10.77 रुपये के अपने नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गए। मरकरी मेटल्स के शेयरों में करीब 3 साल पहले सितंबर 2019 में कारोबार शुरु हुआ था और तब से अब तक यह अपने निवेशकों को करीब 3,070 फीसदी का धांसू रिटर्न दे चुकी है।
हर रोज लगते अपर सर्किट के चलते यह शेयर सिर्फ पिछले 1 महीने में अब तक 148.73 फीसदी चढ़ चुका है। वहीं पिछले 6 महीनों में इसकी कीमतों में करीब 1,110 फीसदी की तेजी आई है। पिछले एक साल में मरकर मेटल्स ने अपने निवेशकों को 1,582.81 फीसदी का रिटर्न दिया है और इस दौरान इसकी कीमत 0.64 पैसा से बढ़कर 10.77 रुपये पर पहुंच गई है।
मरकरी मेटल्स के शेयरों में यह तेजी ऐसे समय में आई है, जब अधिकतर मेटल स्टॉक्स में पिछले 6 महीने के दौरान गिरावट देखने को मिली है। सरकार ने बढ़ते महंगाई पर काबू पाने के लिए मई 2022 में विभिन्न तरह के मेटल और स्टील उत्पादों के एक्सपोर्ट पर शुल्क लगा दिया था।
मेटल की कीमतें इस साल की शुरुआत में अपने शिखर पर थीं, हालांकि अप्रैल, मई और जून में इनमें तेजी से गिरावट देखने को मिली। इसके साथ BSE मेटल्स इंडेक्स में पिछले 6 महीने में करीब 10 फीसदी की गिरावट देखी गई।
मरकरी मेटल्स की स्थापना धातुओं के कारोबार में भाग लेने के प्राथमिक लक्ष्य के साथ की गई थी। कंपनी ने विभिन्न प्रकार के फेरस और नॉन-फेरस धातुओं के साथ-साथ मेटल स्क्रैप का कारोबार करना भी शुरू कर दिया है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।