Multibagger Share: अहमदाबाद स्थित एक कंपनी के शेयर ने केवल एक साल के अंदर निवेशकों को 1000 प्रतिशत से ज्यादा का रिटर्न दिया है। केवल 2 महीनों में शेयर की कीमत 200 प्रतिशत और केवल एक महीने में 50 प्रतिशत से ज्यादा मजबूत हो चुकी है। यह शेयर है आयुष आर्ट एंड बुलियन (Aayush Art And Bullion)। कंपनी गोल्ड, डायमंड, सिल्वर ज्वैलरी की मैन्युफैक्चरिंग और ट्रेडिंग करती है। साथ ही यह टेक्सटाइल प्रोडक्ट्स जैसे फैब्रिक्स, एंब्रॉयडरी, लेस आदि की भी ट्रेडिंग करती है।
बीएसई के मुताबिक, आयुष आर्ट एंड बुलियन का मार्केट कैप 800 करोड़ रुपये से ज्यादा है। कंपनी का पुराना नाम AKM Creations था और यह साल 2009 में शुरू हुई।
एक साल में 1 लाख के बने 11 लाख
बीएसई के डेटा के मुताबिक, 22 दिसंबर 2023 को Aayush Art And Bullion के शेयर की कीमत 55.55 रुपये थी। शेयर 20 दिसंबर 2024 को 616.85 रुपये पर बंद हुआ है। इस तरह एक साल का रिटर्न बना 1010.44 प्रतिशत। अगर किसी ने एक साल पहले शेयर में 50000 रुपये का निवेश किया होगा और अभी तक शेयरों को बेचा नहीं होगा तो अमाउंट 5.5 लाख रुपये बन गया होगा। इसी तरह 1 लाख रुपये का अमाउंट केवल एक साल में 11 लाख रुपये से ज्यादा हो गया होगा।
एक सप्ताह में Aayush Art And Bullion शेयर ने देखी 9% की तेजी
कंपनी में 7 दिसंबर 2024 तक प्रमोटर्स के पास 20.70 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। केवल एक सप्ताह में शेयर ने 9 प्रतिशत की तेजी देखी है। 20 दिसंबर 2024 को बीएसई पर शेयर में 2 प्रतिशत की बढ़त के साथ अपर सर्किट लगा। क्लोजिंग प्राइस 616.85 रुपये, शेयर का 52 सप्ताह का नया उच्च स्तर भी है।
जुलाई-सितंबर 2024 तिमाही में आयुष आर्ट एंड बुलियन का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 26.58 करोड़ रुपये रहा। इस बीच स्टैंडअलोन शुद्ध मुनाफा 24 लाख रुपये दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी का रेवेन्यू 7.33 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 26 लाख रुपये रहा।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी शेयर परफॉरमेंस के आधार पर दी गई है। यह बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।