Multibagger Stock: करीब पांच महीने पहले लिस्ट हुई ड्रोन कंपनी ड्रोनाचार्य एरियल इनोवेशंस (DroneAcharya Aerial Innovations) ने कम समय में ही निवेशकों को जमकर मुनाफा दिया है। कंपनी की वित्तीय सेहत भी दमदार दिख रही है। कंपनी ने जब से वित्त वर्ष 2023 के नतीजे जारी किए हैं, इसके शेयर 22 फीसदी उछल चुके हैं। ड्रोनाचार्य ने 29 अप्रैल को एक्सचेंज फाइलिंग में नतीजे जारी किए थे यानी कि महज तीन दिन में इसके शेयर 22 फीसदी चढ़े हैं। शेयरों की बात करें तो मौजूदा भाव के हिसाब से बीएसई एसएमई पर लिस्टेड इस कंपनी ने आईपीओ निवेशकों का पैसा 193 फीसदी बढ़ा दिया है। इसके शेयर आज 156.10 रुपये के भाव (DroneAcharya Aerial Innovations Share Price) पर बंद हुए हैं।
ड्रोनाचार्य एरियल इनोवेशंस का नेट प्रॉफिट वित्त वर्ष 2022-23 में सालाना आधार पर 742 फीसदी बढ़कर 3.42 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। समान अवधि में रेवेन्यू 417 फीसदी उछलकर 18.57 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। अब आगे के ग्रोथ आउटलुक की बात करें तो कंपनी के फाउंडर और एमडी प्रतीक श्रीवास्तव के मुताबिक हाल ही में इंडस्ट्रियल, एंटरप्राइज और डिफेंस कैटेगरी के ड्रोन्स सेगमेंट में एंट्री से इसके कारोबार को सपोर्ट मिलेगा।
कंपनी अपनी सर्विसेज में विस्तार कर रही है और इसके दम पर प्रतीक ने चालू वित्त वर्ष 2023-24 में तेज ग्रोथ का अनुमान लगाया है। मैनेजमेंट ने वित्त वर्ष 2024 में 45-50 करोड़ रुपये के रेवेन्यू का अनुमान लगाया है। इसका कारोबार थाईलैंड में भी है और इसके लिए इसने एशियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से हाथ मिलाया है।
आम निवेशकों को कितना मिला है रिटर्न
ड्रोनाचार्य एरियल इनोवेशंस का आईपीओ पिछले साल 13-15 दिसंबर 2022 के बीच खुला था। 34 करोड़ रुपये का यह आईपीओ 243.70 गुना सब्सक्राइब हुआ था और इसके तहत निवेशकों को 54 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुआ था। 23 दिसंबर को लिस्टिंग के दिन ही यह 107.10 रुपये की ऊंचाई पर पहुंचकर बंद हुआ था यानी कि पहले ही दिन आईपीओ निवेशकों की पूंजी डबल के करीब पहुंच गई थी। उसके बाद कुछ ही दिनों में 12 जनवरी 2023 को यह 243.35 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशकों की पूंजी 351 फीसदी तक बढ़ गई। हालांकि शेयरों की तेजी थमी और इस रिकॉर्ड ऊंचाई से यह 35 फीसदी फिसल चुका है लेकिन आईपीओ निवेशकों की पूंजी अभी भी 193 फीसदी बढ़ी हुई है।