Multibagger Stock: किचन से जुड़े आइटम्स बनाने वाली दिग्गज कंपनी टीटीके प्रेस्टिज (TTK Prestige) के शेयर आज कमजोर मार्केट सेंटिमेंट में दो फीसदी से अधिक कमजोर हुए हैं। हालांकि लॉन्ग टर्म में इसने निवेशकों की भर-भरकर कमाई कराई है। महज 55 हजार रुपये के निवेश पर ही इसने कम समय में निवेशकों को करोड़पति बना दिया है। अब आगे भी एक्सपर्ट इसमें तेजी के आसार देख रहे हैं। घरेलू ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज के मुताबिक मौजूदा लेवल से इसके शेयर अभी 35 फीसदी और चढ़ सकते हैं। इसके शेयर आज बीएसई पर 742.70 रुपये (TTK Prestige Share Price) पर बंद हुए हैं।
एक्सपर्ट क्यों लगा रहे दांव
टीटीके एक धीमी ग्रोथ वाली कंपनी है। वित्त वर्ष 2012-2017 के बीच इसका EBITDA महज 4.3 फीसदी के CAGR (कम्पाउंड एनुअल ग्रोथ रेट) से बढ़ा। हालांकि इसके बाद वित्त वर्ष 2017-22 में इसमें शानदार 14.3 फीसदी की ग्रोथ रही। डिस्ट्रीब्यूशन में लगातार विस्तार, दक्षिण भारत से भारत विस्तार, नए प्रोडक्ट की लॉन्चिंग के चलते इसके EBITDA की यह तेज ग्रोथ रही।
इन सब वजहों से घरेलू ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज के मुताबिक वित्त वर्ष 2023-25 के बीच इसका रेवेन्यू 13.3 फीसदी की सीएजीआर और अर्निंग्स 24.4 फीसदी की सीएजीआर से बढ़ सकता है। ब्रोकरेज ने 1 हजार रुपये के टारगेट प्राइस पर इसकी खरीदारी की रेटिंग को बरकरार रखा है।
मल्टीबैगर साबित हुआ है TTK Prestige
टीटीके प्रेस्टिज के शेयर 18 मार्च 2005 को महज 3.99 रुपये में थे। अब यह 186 गुना ऊपर 742.70 रुपये में मिल रहा है। इसका मतलब हुआ कि महज 55 हजार रुपये के निवेश ने ही निवेशकों को फटाफट 18 साल में ही करोड़पति बना दिया। पिछले एक साल में शेयरों के चाल की बात करें तो पिछले साल 13 सितंबर 2022 को यह एक साल के हाई 1051 रुपये के भाव पर था।
हालांकि शेयरों की तेजी यहीं थम गई और महज 4 महीने में ही यह 34 फीसदी फिसलकर 694.75 रुपये पर आ गया जो एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। हालांकि इस लेवल पर यह संभल गया और अब तक चार फीसदी रिकवर हुआ है लेकिन अभी भी एक साल के हाई से यह 29 फीसदी डिस्काउंट पर है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।