Multibagger stock : अगर आप निवेश के लिए किसी मल्टीबैगर स्टॉक की तलाश में हैं तो साउथ इंडियन बैंक (South Indian Bank) के शेयरों पर नजर रख सकते हैं। इस स्टॉक ने अपने निवेशकों को कम समय में ही शानदार रिटर्न दिया है। आज 22 अगस्त को भी इस शेयर में 5.82 फीसदी की शानदार तेजी आई है और यह 23.65 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। वहीं, इंट्राडे में स्टॉक ने 23.85 रुपये के अपने 52-वीक हाई को छू लिया। इसके साथ ही बैंक का मार्केट कैप बढ़कर 4,926.31 करोड़ रुपये हो गया है।
घरेलू ब्रोकरेज हाउस ICICI सिक्योरिटीज ने इस स्टॉक को Buy रेटिंग दी है और टारगेट प्राइस को 25 रुपये से बढ़ाकर 28 रुपये कर दिया है। इसका मतलब है कि कंपनी के शेयरों में मौजूदा प्राइस के मुकाबले 18 फीसदी की तेजी की संभावना है। ब्रोकरेज ने अपना टारगेट मल्टीपल भी 0.7 गुना से बढ़ाकर 0.8 गुना कर दिया है।
RBI ने MD और CEO को दी मंजूरी
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने हाल ही में केरल स्थित साउथ इंडियन बैंक (SIB) के MD और CEO के रूप में करूर वैश्य बैंक के पूर्व MD और CEO पीआर शेषाद्रि की उम्मीदवारी को मंजूरी दे दी है। शेषाद्री को 1 अक्टूबर 2023 से तीन साल की अवधि के लिए इस पद पर नियुक्त किया गया है।
ब्रोकरेज का मानना है कि बैंक के एमडी और सीईओ के रूप में शेषाद्री की नियुक्ति के लिए आरबीआई की मंजूरी स्टॉक के लिए एक पॉजिटिव संकेत है। ब्रोकरेज ने कहा कि मौजूदा एमडी और सीईओ मुरली रामकृष्णन द्वारा शुरू की गई SIB में चल रही ट्रांसफॉर्मेशन जर्नी को तेज किया जाना चाहिए। इसमें कहा गया है, "अभी हम अपनी कमाई का अनुमान नहीं बदल रहे हैं। हमने पहले ही इस बात पर प्रकाश डाला था कि स्टॉक की रीरेटिंग के लिए नए एमडी और सीईओ की नियुक्ति और उम्मीदवारी अहम होगी।"
साउथ इंडियन बैंक ने अप्रैल-जून तिमाही में मजबूत नतीजे पेश किए हैं। इस दौरान बैंक का नेट प्रॉफिट 75 फीसदी बढ़कर 202 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह 115 करोड़ रुपये था। बैंक का ग्रॉस NPA सालाना आधार पर 74 बेसिस प्वाइंट घटकर 5.87 फीसदी से 5.13 फीसदी हो गया। नेट एनपीए सालाना आधार पर 2.87 फीसदी से 102 बेसिस प्वाइंट घटकर 1.85 फीसदी हो गया।
जून 2023 तिमाही में बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम 33.87 फीसदी बढ़कर 807.77 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले की तिमाही में 603.38 करोड़ रुपये थी। तिमाही में ऑपरेटिंग प्रॉफिट 54.74 फीसदी बढ़कर 490.24 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की जून तिमाही में 316.82 करोड़ रुपये था।
कैसा रहा है शेयरों का प्रदर्शन
पिछले एक महीने में South Indian Bank के शेयरों ने 15 फीसदी का रिटर्न दिया है। वहीं, पिछले 6 महीने में कंपनी के शेयरों में 40 फीसदी की शानदार तेजी आई है। पिछले एक साल में बैंक ने करीब 200 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया है। इतना ही नहीं, पिछले तीन सालों में इसने अपने निवेशकों को 217 फीसदी का शानदार मुनाफा कराया है।