Multibagger Stocks: स्पेशियलिटी केमिकल्स बनाने वाली दिग्गज कंपनी कोचिन मिनरल्स एंड रूटील (Cochin Minerals and Rutile) के शेयर इस हफ्ते करीब ढाई फीसदी कमजोर हुए हैं। पिछले महीने यह रिकॉर्ड ऊंचाई पर था और इस ऊंचाई से यह करीब 25 फीसदी फिसल चुका है। हालांकि लॉन्ग टर्म की बात करें तो इसने निवेशकों को करोड़पति बना दिया है। शेयरों के मौजूदा हालत की बात करें तो शुक्रवार को बीएसई पर यह 1.23 फीसदी की गिरावट के साथ 304.20 रुपये (Cochin Minerals Share Price) पर बंद हुआ। इसका फुल मार्केट कैप 238.19 करोड़ रुपये है।
Cochin Minerals ने 22 साल में बनाया करोड़पति
कोचीन मिनरल्स के शेयर 30 मार्च 2001 को महज 2.80 रुपये में मिल रहे थे। अब यह 10764 फीसदी ऊपर 304.20 रुपये के भाव में मिल रहा है यानी 22 साल में निवेशकों के एक लाख रुपये 1.08 करोड़ रुपये की पूंजी बन गई। ऐसा नहीं है कि कोचीन मिनरल्स ने सिर्फ लॉन्ग टर्म में ही बंपर रिटर्न दिया है, कम समय में भी यह निवेश का शानदार विकल्प साबित हुआ है।
पिछले साल 4 जुलाई 2022 को यह एक साल के निचले स्तर 103 रुपये पर था। इसके बाद करीब 9 महीने में यह 293 फीसदी उछलकर 23 मई 2023 को 405 रुपये पर पहुंच गया। यह इसके शेयरों का रिकॉर्ड ऊंचा स्तर है। हालांकि शेयरों की यह तेजी यहीं थम गई और रिकॉर्ड हाई से यह करीब 25 फीसदी फिसल चुका है।
कंपनी के बारे में डिटेल्स
कोचिन मिनरल्स एंड रूटील लिमिटेड (CMRL) अच्छी क्वालिटी की सिंथेटिक रूटील बनाने वाली दुनिया की दिग्गज कंपनियों में शुमार है। यह टाइटेनियम ऑक्साइड होता है जिसका इस्तेमाल ग्लास, चीनी मिट्टी के बर्तन (पोर्सलिन) और मिट्टी के बर्तन (सरैमिक्स) इत्यादि में होता है। कंपनी की साइट पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक यह एक्वा फेरिक क्लोराइड बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी है जिसका इस्तेमाल पानी को शुद्ध करना है।
इसका प्लांट कोचीन बंदरगाह से करीब 15 किमी दूर एडायार इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट एरिया में है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो जनवरी-मार्च 2023 में इसका शुद्ध मुनाफा तिमाही आधार पर करीब 23 फीसदी घटकर 16.81 करोड़ रुपये से 13 करोड़ रुपये पर आ गया।