Scam Alert: फेक कॉल्स के जरिए ठगी के कई मामले सामने आए हैं। वहीं अकाउंट फ्रॉड के भी कई मामले सामने आए हैं। हालांकि अब एक नया स्कैम भी जोर पकड़ रहा है और ब्रोकरेज फर्म जीरोधा (Zerodha) के को-फाउंडर नितिन कामत (Nithin kamath) ने इसे लेकर आगाह किया है। नितिन के मुताबिक फेडएक्स (FedEx) और ब्लू डार्ट (Blue Dart) जैसी अन्य कूरियर कंपनियों के नाम पर आपसे ठगी हो सकती है। जीरोधा के को-फाउंडर ने इसे लेकर ट्वीट्स की एक सीरिज की है कि कूरियर कंपनी के नाम पर आपके साथ कैसे ठगी हो सकती है।
नितिन ने अपने एक कलीग का उदाहरण दिया है। कलीग को एक कॉल आई जिसमें फेडएक्स का हवाला देते हुए एक शख्स ने कहा कि उनके नाम पर एक पार्सल है और इसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस ने इसे इस कारण जब्त किया है क्योंकि इसमें ड्रग्स हैं। चूंकि कलीग को एक कूरियर मिलना था तो वह भयभीत हो गए। इसके बाद उन्हें एक शख्स ने वीडियो कॉल किया जिसने खुद को पुलिस के रूप में पेश किया और एक असली जैसा दिखने वाला मुंबई क्राइम ब्रांच का लेटर दिखाया।
इसके बाद उस पुलिस जैसे शख्स ने बैंक डिटेल्स दी जिसमें पैकेज छुड़वाने के लिए पैसे मांगे गए थे। चूकिं फर्जी पुलिस के पास कलीग का आधार नंबर भी था तो ठगी का यह पूरा प्रोसेस असली लग रहा था तो कलीग ने फटाफट भयभीत होकर पैसे ट्रांसफर कर दिए।
क्या करना चाहिए ऐसी स्थिति में
नितिन कामत का कहना है कि अगर यह किसी कंपनी में काम करने वाले शख्स के साथ हो सकता है तो यह किसी के भी साथ हो सकता है। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए नितिन ने सुझाव भी दिया है। नितिन के मुताबिक इस प्रकार की स्थिति में सबसे बेहतर जवाब यह है कि बोला जाए मेरा वकील अब आपसे बात करेगा, यह मायने नहीं रखता कि आपके पास वकील है या नहीं।
जीरोधा के को-फाउंडर के मुताबिक ठगी करने वाले अधिकतर लोग ऐसे लोगों का शिकार करते हैं जो जल्द घबरा जाते हैं और तुरंत प्रतिक्रिया देते हैं, जबकि ऐसी स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया देने की बजाय थोड़ा धीमा हो जाना बेहतर है।