Gold Finance Stocks: इंटरनेशनल मार्केट में सोने की कीमतों में तेजी का असर आज 5 नवंबर को गोल्ड फाइनेंस कंपनियों के शेयरों पर भी देखने को मिला। कमजोर अमेरिकी डॉलर और अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड में गिरावट से सोने की कीमत करीब 2% बढ़कर दो हफ्ते के हाई लेवल पर पहुंच गई। इससे निवेशकों का भरोसा गोल्ड से जुड़ी कंपनियों में बढ़ा और मुथूट फाइनेंस (Muthoot Finance), मणप्पुरम फाइनेंस (Manappuram Finance) और आईआईएफएल फाइनेंस (IIFL Finance) के शेयर उछल पड़े। फिलहाल मुथूट फाइनेंस के शेयर 4% से अधिक तो मणप्पुरम फाइनेंस के शेयर 3.7% और आईआईएफएल फाइनेंस लगभग 2% चढ़ गया।
इंटरनेशनल मार्केट में सोना $4,134 पर
स्पॉट गोल्ड 1.9% उछलकर प्रति औंस $4,134.83 हो गया जोकि 22 अक्टूबर के बाद का रिकॉर्ड हाई पर लेवल है। इससे एक दिन पहले बुधवार को इसमें करीब 3.4% की तेजी आई थी, जो 19 अगस्त के बाद किसी एक दिन में सबसे बड़ी तेजी थी। दिसंबर डिलीवरी का यूएस गोल्ड फ्यूचर्स 1.8% बढ़कर $4,144.20 हो गया। चांदी 1.7% बढ़कर प्रति औंस $53.12, प्लैटिनम 2.1% उछलकर $1,527.65 और पैलेडियम 2.6% मजबूत होकर $1,030.14 पर पहुंच गया।
डॉलर और बॉन्ड यील्ड में गिरावट से मिला सहारा
अमेरिकी डॉलर कमजोर होने से अन्य करेंसी में निवेश करने वालों के लिए सोना सस्ता हो जाता है। इसके अलावा 10 साल के अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड की यील्ड में गिरावट से ब्याज नहीं देने वाले एसेट्स का भी क्रेज बढ़ा। XS.com की मार्केट एनालिस्ट Linh Tran का कहना है कि डॉलर की कमजोरी और डॉलर बॉन्ड की नरमी से गोल्ड $4000 के अहम लेवल के पार गया लेकिन इसके ऊपर टिकने पर ही यह $4,200 और उसके बाद $4,400 तक की रिकवरी इसमें आ सकती है।
Citi ने दिया $4,500 का लक्ष्य
मार्केट को अब शुक्रवार को आने वाली यूएस नॉन-फार्म पेरोल्स रिपोर्ट का इंतजार है, ताकि फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति के रुख का बेहतर अंदाजा लगाया जा सके। सीएमई के फेडवॉच टूल के अनुसार ट्रेडर्स को फिलहाल 82% संभावना दिख रही है कि फेड दिसंबर में ब्याज दरें बढ़ाएगा।
ब्रोकरेज फर्म सिटी ने बुधवार को गोल्ड के लिए 0-3 महीने का टारगेट प्राइस प्रति औंस $4,500 फिक्स किया है। सिटी का मानना है कि अगर होर्मुज जलडमरूमध्य यानी स्ट्रेट ऑफ होर्मुज फिर से खुल जाता है और साल के आखिरी तक पश्चिमी एशिया में चल रही लड़ाई थमती है तो सोने की कीमतों में काफी तेजी आ सकती है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।