Multibagger Stock: अमेरिका को टाइमिंग चेन निर्यात करने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी LG Balakrishnan & Bros ने निवेशकों के पोर्टफोलियो को भी बहुत बड़ा बना दिया है। लांग टर्म में इसने निवेशकों को करोड़पति बना दिया है। बाजार के जानकार आगे भी तेजी का रूझान देख रहे हैं। इसके शेयर शुक्रवार 9 दिसंबर को बीएसई पर 695.80 रुपये के भाव (LG Balakrishnan & Bros Share Price) पर बंद हुए और अभी यह 848 रुपये के भाव तक पहुंच सकता है। यह मौजूदा भाव से करीब 22 फीसदी अपसाइड है। इसका मार्केट कैप 2,184.28 करोड़ रुपये है। यह कंपनी देश में चार पहिया कंपनियों को टाइमिंग चेन सप्लाई करने वाली पहली भारतीय कंपनी है और दोपहिया गाड़ियों को ड्राइव चेन सप्लाई करने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी है।
20 साल में 57 हजार को बना दिया एक करोड़
LG Balakrishnan & Bros के शेयर 28 मार्च 2002 को 3.94 रुपये के भाव पर थे। 20 साल बाद यह अब 176 गुना ऊंचे स्तर 695.80 रुपये पर पहुंच चुका है। इसका मतलब हुआ कि उस समय इसमें लगाए हुए महज 57 हजार रुपये ने अब तक एक करोड़ रुपये की पूंजी तैयार कर दी। लांग टर्म ही नहीं बल्कि कम टाइम फ्रेम में भी इसने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है। इस साल 20 जून 2022 को यह 508.90 रुपये के एक साल के रिकॉर्ड निचले स्तर पर था। इसके बाद खरीदारी बढ़ने पर यह 16 सितंबर 2022 को 805.15 रुपये के रिकॉर्ड भाव पर पहुंच गया यानी महज तीन महीने में इसने 58 फीसदी रिटर्न दिया। हालांकि इसके बाद भाव में सुस्ती आई और अभी यह 14 फीसदी डिस्काउंट पर मिल रहा है।
अब आगे क्या है LG Balakrishnan & Bros का रूझान
दोपहिया चेन ट्रांसमिशन (ड्राइव चेन्स) और स्प्राकेट्स बनाने वाली यह दिग्गज कंपनी है। घरेलू मार्केट में इसकी 75 फीसदी और रिप्लेसमेंट मार्केट में 50 फीसदी हिस्सेदारी है। यह अपना विस्तार कर रही है और घरेलू मार्केट में दोपहिया गाड़ियों की मांग में इजाफा हो रहा है। ऐसे में घरेलू ब्रोकरेज फर्म जियोजीत बीएनपी पारिबास का मानना है कि ट्रांसमिशन से इसका रेवेन्यू वित्त वर्ष 2024 में 24 फीसदी की सीएजीआर (कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट) से बढ़ सकता है। इसे देखते हुए ब्रोकरेज फर्म ने इसे 848 रुपये के टारगेट प्राइस पर खरीदारी की रेटिंग दी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।