Mutual Fund News: पिछले महीने अगस्त में इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में निवेश फिर से बढ़ा। इससे पहले जुलाई में इसमें निवेश कम हुआ था। वहीं दूसरी तरफ डेट म्यूचुअल फंड्स में जुलाई के भारी निवेश के बाद अगस्त में ताबड़तोड़ पैसा निकाला गया। यह खुलासा म्यूचुअल फंड्स की बॉडी AMFI (एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया) के जारी आंकड़ों से हुआ है। एएमएफआई के आंकड़ों से अगस्त में इक्विटी से जुड़े स्कीमों में कुल ₹29,328.62 करोड़ का नेट निवेश आया जोकि जुलाई के ₹24,697.39 करोड़ के निवेश की तुलना में लगभग 19% अधिक है। जुलाई में मासिक आधार पर करीब 15% की गिरावट आई थी और अब अगस्त में यह जून के लेवल के भी ऊपर पहुंच गया। जून महीने में इसमें ₹28,973 करोड़ का निवेश आया था। इक्विटी स्कीमों का AUM (एसेट्स अंडर मैनेजमेंट) मासिक आधार पर 2.2% बढ़कर अगस्त में ₹39.21 लाख करोड़ पर पहुंच गया।
