Get App

Panchayat 5 Trailer: फुलेरा में फिर मचेगी सियासी हलचल, प्राइम वीडियो ने 'पंचायत 5' का ट्रेलर किया रिलीज

Panchayat 5 Trailer: दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशन में बना 'पंचायत 5' एक बार फिर शानदार कलाकारों की टोली के साथ लौट रहा है, जिसमें जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैजल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक शामिल हैं।

Manushri Bajpaiअपडेटेड Nov 23, 2026 पर 5:25 PM
Panchayat 5 Trailer: फुलेरा में फिर मचेगी सियासी हलचल, प्राइम वीडियो ने 'पंचायत 5' का ट्रेलर किया रिलीज
पंचायत सीजन 5 का प्रीमियर 3 दिसंबर, 2026 को प्राइम वीडियो पर होगा। तो तैयार हो जाइए एक बार फिर फुलेरा की राजनीति का मजा लेने के लिए।

Panchayat 5 Trailer: प्राइम वीडियो ने आज पंचायत सीजन 5 का आधिकारिक ट्रेलर जारी कर दिया है। सत्ता की नई कुर्सी और ड्रामे के नए दौर के साथ पंचायत अपने नए सीजन के साथ एक बार फिर लौट आई है। इस बार दर्शकों को भावनाओं, दिल छू लेने वाले पलों और ग्रामीण भारत की बेबाक और अनोखी झलक का भरपूर मेल देखने को मिलने वाला है।

इस सीजन का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है, जबकि दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार ने बनाया है। वहीं इसकी कहानी चंदन कुमार ने लिखी है। इसका निर्माण द वायरल फीवर (TVF) ने किया है। पंचायत सीजन 5 में एक बार फिर अपनी शानदार अदाकारी से दर्शकों का दिल जीतने वाले कलाकारों की पूरी टोली नजर आएगी। इसमें जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैजल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक शामिल हैं। पंचायत सीजन 5 का प्रीमियर 3 दिसंबर, 2026 को प्राइम वीडियो पर होगा।

पंचायत सीजन 5 का ट्रेलर फुलेरा में शुरू हो रहे ड्रामे की एक मजेदार झलक दिखाता है, जहां अब कुर्सी किसी और के हाथ में आ गई है, लेकिन मुश्किलें अभी खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। प्रधानजी (रघुबीर यादव) को गद्दी के बिना अपनी जिंदगी की नई परिस्थितियों के साथ तालमेल बिठाने में मुश्किल हो रही है, वहीं सचिवजी (जितेंद्र कुमार) अपनी निजी महत्वाकांक्षाओं, दोस्ती और पंचायत की बदलती राजनीति के बीच संतुलन बनाने में लगे हैं।

इसी बीच रिंकी (संविका) के साथ उनकी प्रेम कहानी में ऐसा मोड़ आता है, जिसकी किसी ने उम्मीद नहीं की थी। जाने-पहचाने चेहरों, नई चुनौतियों और छोटे शहर के ढेर सारे ड्रामे के साथ फुलेरा एक बार फिर हंगामे के लिए तैयार है। क्या सचिवजी को आखिरकार अपना मनचाहा प्यार मिल पाएगा? और क्या नए प्रधानपति यह साबित कर पाएंगे कि वे फुलेरा की जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हैं?

सब समाचार

+ और भी पढ़ें