Mutual Funds: बाजार में उतार-चढ़ाव का निवेशकों पर नहीं कोई असर, नवंबर में ₹5,200 करोड़ बढ़ाया इक्विटी फंड्स में निवेश

नवंबर महीने में, इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में निवेशकों ने कुल 11,615 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया

अपडेटेड Dec 09, 2021 पर 10:02 PM
नवंबर में म्यूचुअल फंड्स में बढ़ा निवेश

हालिया कुछ हफ्तों में बाजार में आए भारी उतार-चढ़ाव के बावजूद म्यूचुअल फंड्स (Mutual Funds) में निवेशकों का निवेश करना जारी है। बीते नवंबर महीने में, इक्विटी म्यूचुअल फंड्स (Equity Mutual Funds) में निवेशकों ने कुल 11,615 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया, जो अक्टूबर में किए निवेश से 5,214 करोड़ रुपये अधिक है।

साथ ही यह इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में निवेश का पिछले चार महीनों का उच्च स्तर है। 30 नवबंर 2021 तक, म्यूचुअल फंड्स इंडस्ट्री का कुल एसेट अब 37.34 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया।

अधिक निवेश के पीछे मुख्य कारण सिस्टेमैटिक इनवेस्टमेंट प्लान (SIP) के प्रति निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी है। नवंबर महीने में SIP खातों की कुल संख्या बढ़कर 4.78 करोड़ रुपये हो गई, जो 31 अक्टूबर 2021 तक 4.64 करोड़ रुपये था। नवंबर महीने में सिर्फ SIP के जरिए 11,004 करोड़ रुपये आए, जो इसके पिछले महीने 10,158 करोड़ रुपये था।


एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार यह लगातार नौवा महीनां है, जब निवेशकों ने म्यूचुअल फंडों में निकासी से अधिक निवेश किया है। आंकड़ों के अनुसार इक्विटी म्यूचुअल फंड में शुद्ध रूप से अक्टूबर में 5,215 करोड़ रुपये, सितंबर में 8,677 करोड़ रुपये और अगस्त में 8,666 करोड़ रुपये निवेश किए गए थे।

वही जुलाई के बाद नवंबर महीने में सबसे अधिक मासिक शुद्ध निवेश देखा गया। बता दें कि जुलाई 2021 में इक्विटी यानी शेयर में निवेश से जुड़ी म्यूचुअल फंड योजनाओं में 25,002 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश देखा गया था।

इस साल मार्च से इक्विटी योजनाओं में शुद्ध निवेश देखा जा रहा है। इस अवधि के दौरान इस सेगमेंट को 85,381 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश मिला हुआ है। यह निवेशकों के बीच पॉजिटिव सेंटीमेंट को बताता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।