NBFC के स्टॉक्स बने रॉकेट, क्या RBI के फैसले से शेयरों में आई यह तेजी जारी रहेगी?

आरबीआई के फैसले के बाद एनबीएफसी स्टॉक्स में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी है। लोन पर रिस्क वेट 125 फीसदी से घटकर 100 फीसदी हो जाने से एनबीएफसी को काफी राहत मिली है। अब उनके लिए बैंकों से कर्ज लेना सस्ता हो जाएगा

अपडेटेड Feb 27, 2025 पर 4:40 PM
Story continues below Advertisement
आरबीआई के इस कदम से AAA और AA रेटिंग वाली एनबीएफसी के लिए फंड की कॉस्ट 2-5 फीसदी तक घट जाएगी।

एनबीएफसी के शेयर 27 फरवरी को मार्केट ओपन होते ही रॉकेट बन गए। इसकी वजह आरबीआई का 25 फरवरी का फैसला है। केंद्रीय बैंक ने एनबीएफसी लोन पर बैंकों के लिए रिस्क वेट घटा दिया है। इसका असर एनबीएफसी के शेयरों पर देखने को मिला। 26 फरवरी को महाशिवरात्री के उपलक्ष्य में स्टॉक मार्केट में छुट्टी थी। इसलिए आरबीआई के फैसले का असर 27 फरवरी को एनबीएफसी स्टॉक्स पर देखने को मिला।

निवेशकों की बढ़ी दिलचस्पी

सबसे ज्यादा उछाल Bajaj Finance, Cholamandalam Investment और L&T Finance के शेयरों में देखने को मिला। एक्सपर्ट्स का कहना है कि आरबीआई के फैसले के बाद एनबीएफसी स्टॉक्स में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी है। लोन पर रिस्क वेट 125 फीसदी से घटकर 100 फीसदी हो जाने से एनबीएफसी को काफी राहत मिलेगी। यह फैसला 1 अप्रैल, 2025 से लागू हो जाएगा। एक्सपर्ट्स का कहना है कि केंद्रीय बैंक के फैसले से एनबीएफसी के लिए फंड की कॉस्ट घटेगी।


ग्रोथ बढ़ाने पर आरबीआई का फोकस

आरबीआई के पूर्व डिप्टी गवर्नर एसएस मुंदरा ने कहा कि आरबीआई ग्रोथ बढ़ाना चाहता है। आरबीआई के रिस्क वेट घटाने से 40,000 करोड़ का कैपिटल रिलीज होगा। यह 4 लाख करोड़ रुपये के लेंडिंग के लिए पर्याप्त है। अब बैंक एनबीएफसी को ज्यादा खुलकर लोन दे सकेंगे। इससे एनबीएफसी के लिए क्रेडिट फ्लो बढ़ जाएगा। इससे क्रेडिट डिमांड पूरी करने में मदद मिलेगी।

ये स्टॉक्स बने रॉकेट

Bajaj Finance का शेयर 27 जनवरी को NSE पर 3 फीसदी तक चढ़कर 8,739 रुपये तक पहुंच गया। कारोबार खत्म होने पर शेयर 2 प्रतिशत बढ़त के साथ 8,660.75 रुपये पर बंद हुआ।Shriram Finance का स्टॉक 6 फीसदी उछाल के साथ 608.80 रुपये तक चला गया। कारोबार खत्म होने पर शेयर 5 प्रतिशत बढ़त के साथ 604 रुपये पर बंद हुआ। चोलामंडलम इनवेस्टमेंट का स्टॉक 5.5 फीसदी उछाल के साथ 1443.50 रुपये तक पहुंच गया। बाद में 5 प्रतिशत बढ़त के साथ 1,435.05 रुपये पर बंद हुआ।

L&T Finance का शेयर 6.51 फीसदी उछाल के साथ 142.18 रुपये तक पंहुंच गया। बाद में लगभग 4 प्रतिशत बढ़त के साथ 138.50 रुपये पर बंद हुआ। आदित्य बिड़ला कैपिटल के शेयरों में भी 3 फीसदी से ज्यादा तेजी देखने को मिली और यह 157.45 रुपये पर बंद हुआ।

आपको क्या करना चाहिए?

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के एनालिस्ट्स का कहना है कि आरबीआई के इस कदम से AAA और AA रेटिंग वाली एनबीएफसी के लिए फंड की कॉस्ट 2-5 फीसदी तक घट जाएगी। इससे एनबीएफसी को काफी राहत मिलेगी। उन्हें कारोबार बढ़ाने में आसानी होगी। इसकी वजह यह है कि काफी समय बाद क्रेडिट डिमांड काफी स्ट्रॉन्ग दिख रही है। एनबीएफसी इस मौके को हाथ से जाने नहीं देंगे। निवेशक सही वैल्यूएशन वाली एनबीएफसी के स्टॉक्स में निवेश कर सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।