Nestle India News: एफएमसीजी सेक्टर की दिग्गज कंपनी नेस्ले इंडिया के मौजूदा सीएमडी सुरेश नारायणन का कार्यकाल अब एक साल से भी कम है। कंपनी ने आज एक्सचेंज फाइलिंग में इसकी जानकारी दी है। जानकारी के मुताबिक इसके मौजूदा चेयरमैन और एमडी सुरेश नारायणन का कार्यकाल 31 जुलाई 2025 तक खत्म हो जाएगा। उन्होंने नेस्ले ग्रुप में 26 साल से अधिक समय तक काम किया है। नेस्ले इंडिया की स्विस पैरेंट ने उनके स्थान पर मनीष तिवारी को एमडी के तौर पर नियुक्त करने का प्रस्ताव दिया है और उनका कार्यकाल 1 अगस्त 2025 से प्रभावी होगा।
कौन हैं Nestle India के अगले एमडी?
नेस्ले इंडिया ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि कंपनी को नेस्ले एसए से मनीष तिवारी की एमडी के तौर पर नियुक्ति का प्रस्ताव मिला है। मनीष तिवारी के पास ई-कॉमर्स और कंज्यूमर गुड्स सेक्टर्स में बड़े पैमाने पर कारोबार संभालने और रणनीतिक पहलों का नेतृत्व करने का लगभग तीन दशकों का अनुभव है। फिलहाल वह एमेजॉन डिजिटल सर्विसेज और मोर कंज्यूमर ब्रांड्स के निदेशक हैं, और वह 30 अक्टूबर 2024 को अपने निदेशक पद से इस्तीफा देंगे। फिलहाल उनका नेस्ले इंडिया लिमिटेड के किसी भी निदेशक के साथ कोई संबंध नहीं है। इससे पहले वह एमेजॉन इंडिया के कंट्री मैनेजर थे। उन्होंने 2016 में एमेजॉन से जुड़ने से पहले यूनिलीवर में 20 साल तक काम किया, जहां उन्होंने भारत, गल्फ और उत्तरी अफ्रीका में अलग-अलग कैटेगरीज और चैनल के सेल्स, मार्केटिंग और जनरल मैनेजमेंट में काम किया। उन्होंने कंप्यूटर साइंस में बीटेक और आईआईएम बेंगलुरु से एमबीए किया हुआ है।
नेस्ले इंडिया के शेयर आज 1.07 फीसदी की गिरावट के साथ 2571.50 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 2620.00 रुपये के हाई और 2562.00 रुपये के निचले स्तर तक आया था। पिछले साल 9 अक्टूबर 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 2,279.27 रुपये पर था और पिछले महीने 27 सितंबर 2024 को यह एक साल के हाई 2,777.00 रुपये पर था। इस हाई से फिलहाल यह करीब 6 फीसदी से अधिक डाउनसाइड है।