Netweb Tech Share Price: सुपरकंप्यूटिंग सिस्टम बनाने वाली नेटवेब टेक्नोलॉजीज के शेयरों को आज तगड़ा शॉक लगा। सितंबर तिमाही में मुनाफे और रेवेन्यू में चार गुना से अधिक गुना के उछाल के बावजूद नेटवेब के शेयर 5% से अधिक टूट गए। कंपनी का एक मोर्चे पर फेल होना ऐसा झटका लगा कि शेयरों की चमक फीकी पड़ गई। दबाव इतना तेज रहा कि निचले स्तर पर खरीदारी के बावजूद शेयर संभल नहीं पाए। फिलहाल बीएसई पर यह 3.55% की गिरावट के साथ ₹4,181.90 पर है। इंट्रा-डे में यह 5.29% की फिसलन के साथ ₹4106.35 तक आ गया था।
Netweb Tech के शेयरों को क्यों लगा झटका
प्रॉफिट और रेवेन्यू के मोर्चे पर नेटवेब टेक ने शानदार परफॉर्म किया। सितंबर 2026 तिमाही में सालाना आधार पर नेटवेब टेक का शुद्ध मुनाफा ₹31.43 करोड़ से 334.75% बढ़कर ₹136.66 करोड़ और ऑपरेशंस से रेवेन्यू ₹303.72 करोड़ से 335.68% उछलकर ₹1323.28 करोड़ पर पहुंच गया। ऑपरेटिंग लेवल पर बात करें तो इस दौरान कंपनी का ईबीआईटीडीए ₹34.87 करोड़ से 333.93% उछलकर ₹151.31 करोड़ पर पहुंच गया। हालांकि मार्जिन के मोर्चे पर कंपनी को झटका लगा और ईबीआईटीडीए मार्जिन 14.97% से 14.91% पर आ गया।
सितंबर 2026 तिमाही के आखिरी में कंपनी का ऑर्डर बुक ₹2,629 करोड़ रहा जिससे आने वाली तिमाही में कंपनी के कारोबार को लेकर आउटलुक अच्छा दिख रहा है। इसके अलावा ₹652.5 करोड़ का एल1 ऑर्डर है यानी इसके लिए कंपनी ने सबसे कम बोली लगाई है। कंपनी ने ₹11,151.8 करोड़ की सक्रिय बिजनेस पाइपलाइन की भी जानकारी दी। सितंबर तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा और ऑपरेशंस से रेवेन्यू रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गया।
अब तक कैसी रही शेयरों की चाल
नेटवेब टेक के शेयरों ने निवेशकों की शानदार कमाई कराई है और आठ ही महीने में निवेशकों का पैसा लगभग डबल हो गया और लिस्टिंग से लेकर तो अब तक इसने धुंआधार पैसे बरसाए हैं। आईपीओ निवेशकों को इसके शेयर ₹500 के भाव पर जारी हुए थे और मार्केट में इसकी 27 जुलाई 2023 को एंट्री हुई थी। आईपीओ को ताबड़तोड़ बोली मिलने के बाद इसके शेयर 88% से अधिक प्रीमियम पर लिस्ट होने के बाद और ऊपर चढ़े।
आने वाले समय में इसके शेयरों की चमक तेजी से बढ़ी और तीन ही साल में यह 24 अगस्त 2026 को ₹5,810.00 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक 1062% मुनाफे में पहुंच गए यानी कि आईपीओ निवेशकों की पूंजी तीन ही साल में 11 गुना से अधिक बढ़ गया। पिछले साल 9 दिसंबर 2026 को यह एक साल के निचले स्तर ₹2,942.45 पर था।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।