Newgen Software के शेयरों में आज 20 नवंबर को 5 फीसदी का अपर सर्किट लगा है। यह स्टॉक 1,312.55 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। दरअसल, कंपनी ने जानकारी दी है कि वह जल्द ही अपने शेयरधारकों के लिए बोनस शेयर जारी करने पर फैसला लेगी। बोनस इश्यू पर विचार के लिए बोर्ड की बैठक 27 नवंबर को होने वाली है। इस खबर के बीच कंपनी के शेयरों में आज दमदार रैली आई है। बोनस इश्यू के लिए रिकॉर्ड डेट अभी तक तय नहीं हुई है। एक्सचेंजों पर उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार यह कंपनी का शेयरों का पहला बोनस इश्यू होगा।
कंपनी ने हाल ही में मौजूदा वित्त वर्षी की दूसरी तिमाही के नतीजों की घोषणा की है। कंपनी ने तिमाही आधार पर 16.5 फीसदी और सालाना आधार पर 29.7 फीसदी का रेवेन्यू ग्रोथ दर्ज किया है। मौजूदा वित्तीय वर्ष की पहली छमाही में रेवेन्यू में 31% की वृद्धि हुई, जबकि पूरे वित्तीय वर्ष 2023 के दौरान इसमें 25% की ग्रोथ देखी गई। CNBC-TV18 से बातचीत में कंपनी प्रबंधन ने कहा कि दिसंबर और मार्च दोनों तिमाही कंपनी के लिए मजबूत रहने की संभावना है।
कैसा रहा है शेयरों का प्रदर्शन
पिछले एक महीने में Newgen Software Technologies के शेयरों में 25 फीसदी की तेजी आई है। वहीं, पिछले 6 महीने में इसने 117 फीसदी का रिटर्न दिया है। इस साल अब तक कंपनी के शेयर 262 फीसदी चढ़ चुके हैं। वहीं, पिछले एक साल में निवेशकों को 287 फीसदी का बंपर मुनाफा हुआ है।