इंडियन स्टॉक मार्केट्स में गिरावट जारी रहेगी। पिछले 5 ट्रेडिंग सेशन में निफ्टी 480 प्वाइंट्स गिर चुका है। इसकी वजह मधयपूर्व में बढ़ता तनाव और मार्केट में टेक्निकल कमजोरी हैं। निफ्टी 26,277 के ऑल-टाइम हाई से गिरकर 1 अक्टूबर को 25,797 पर आ गया। 1 अक्टूबर की रात ईरान के इजराइल पर मिसाइल हमलों के बाद मध्यपूर्व में तनाव बढ़ गया है। इसका असर 3 अक्टूबर को मार्केट खुलने पर दिख सकता है। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के उपलक्ष्य में इंडियन मार्केट में छुट्टी है।
गिरावट का दौर शुरू हो सकता है
5पैसा डॉट कॉम के रुचित जैन ने कहा कि मार्केट में गिरावट का दौर दिख सकता है। अमेरिका में फेडरल रिजर्व के इंटरेस्ट रेट घटाने के बाद मार्केट में जो तेजी आई है, उसमें विदेशी संस्थागत निवेशकों का बड़ा हाथ रहा है। इस दौरान घरेलू रिटेल इनवेस्टर्स और हाई-नेटवर्क इनवेस्टर्स ने ज्यादातर मार्केट से दूरी बनाई है। इसका असर मार्केट पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि इंडेक्स फ्यूचर्स में क्लाइंट-साइड लॉन्ग-शॉर्ट रेशियो 35 फीसदी है। उनकी लॉन्ग बढ़ाने में दिलचस्पी नहीं है।
उन्होंने कहा कि एफआईआई का लॉन्ग रेशियो 85 फीसदी है। इससे लॉन्ग बढ़ने की गुंजाइश नहीं रह गई है। इससे निफ्टी के चढ़ने की संभावना सीमित हो गई है। कारोबारी सत्र के दौरान निफ्टी को 25,550-25,600 के बीच सपोर्ट मिल सकता है। लेकिन, मार्केट का ट्रेंड गिरावट का संकेत देता है। ईरान के इजराइल पर मिसाइल हमले करने के बाद क्रूड में तेजी आई है। क्रूड ऑयल का भाव 74 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर क्रूड की कीमत 85 डॉलर को पार कर जाती है तो मार्केट में 15 फीसदी गिरावट आ सकती है। हालांकि, कुछ एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर यह क्राइसिस मध्यपूर्व तक सीमित रहेगा तो क्रूड की कीमतों में नरमी आ सकती है।
निफ्टी में आ सकती है 100-150 प्वाइंट्स गिरावट
एक्सिस सिक्योरिटीज के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट राजेश पालवीय ने कहा कि Nifty और Banking और Finance सेक्टर में कुछ टेक्निकल कमजोरी दिख रही है। बैंकिंग स्टॉक्स कमजोर दिख रहे हैं, क्योंकि शॉर्ट टर्म में किसी लॉर्जकैप स्टॉक्स से इंडेक्स को समर्थन मिलता नहीं दिख रहा। उन्होंने कहा, "वीकली एक्सपायरी पर निफ्टी में शॉर्ट बिल्ड-अप है। प्रमुख सूचकांकों पर इसका निगेटिव असर दिख सकता है। 3 अक्टूबर को निफ्टी में 100-150 अंक की और गिरावट आ सकती है।"
यह भी पढ़ें: Israel Iran Conflict: मध्यपूर्व में बिगड़ रहे हैं हालात, ऐसे में आपकी इनवेस्टमेंट स्ट्रेटेजी कैसी होनी चाहिए?
दुनिया के दूसरे बाजारों पर भी दबाव
दुनिया के बड़े बाजारों में भी दबाव देखने को मिला है। अमेरिका में एसएंडपी 500 0.9 फीसदी गिरा है। अमेरिका में वोलैटिलिटी इंडेक्स (VIX) में उछाल है। इससे आगे मार्केट में उतारचढ़ाव के संकेत मिल रहे हैं। निफ्टी के लिए ग्लोबल और डोमेस्टिक चैलेंजेज दिख रहे हैं। ऐसे में एक्सपर्ट्स ने निवेशकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। जैन ने कहा कि 2 अक्टूबर को अमेरिकी मार्केट्स में किस तरह का ट्रेड रहता है, यह देखना जरूरी है।