Nifty Outlook: 8 जून को कैसी रहेगी निफ्टी की चाल, कौन से फैक्टर रहेंगे अहम? जानिए एक्सपर्ट्स से

Nifty Outlook: क्या निफ्टी अगले हफ्ते 23,800 के पार जाएगा या 23,200 के नीचे फिसलने का खतरा है? RBI के फैसलों, FII निवेश, कच्चे तेल की कीमतों और वैश्विक संकेतों के बीच बाजार एक अहम मोड़ पर खड़ा है। एक्सपर्ट्स ने अगले बड़े स्तरों का संकेत दिया है।

अपडेटेड Jun 07, 2026 पर 6:35 PM
Angel One के हितेश राठी के मुताबिक 23,550 के ऊपर निफ्टी का शॉर्ट टर्म सेटअप मजबूत बना हुआ है।

Nifty Outlook: शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में कारोबार काफी सुस्त रहा। निफ्टी दिनभर सीमित दायरे में घूमता रहा और आखिर में 49 अंक की गिरावट के साथ 23,366 पर बंद हुआ। निफ्टी 62 अंकों की बढ़त के साथ खुला था, लेकिन 23,500 के स्तर के ऊपर टिक नहीं पाया। इसके बाद दिनभर निवेशकों ने मुनाफावसूली की, जिससे बाजार पर दबाव बना रहा। पूरे सप्ताह की बात करें तो निफ्टी में 0.77% की गिरावट दर्ज की गई।

RBI के फैसलों पर रही नजर

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) ने सर्वसम्मति से रेपो रेट 5.25% पर बरकरार रखने का फैसला किया। केंद्रीय बैंक ने अपनी न्यूट्रल पॉलिसी भी जारी रखी। हालांकि RBI ने FY27 के लिए GDP ग्रोथ का अनुमान 6.9% से घटाकर 6.6% कर दिया है। वहीं महंगाई का अनुमान बढ़ाकर 5.1% कर दिया गया है।


इसके अलावा विदेशी पूंजी को आकर्षित करने के लिए RBI ने छह बड़े कदमों की घोषणा की है। इनमें सरकारी बॉन्ड, विदेशी पोर्टफोलियो निवेश (FPI) और FCNR(B) जमा के जरिए पूंजी प्रवाह बढ़ाने की कोशिश की गई है।

रुपये में आई बड़ी मजबूती

शुक्रवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 85 पैसे मजबूत होकर 94.94 पर बंद हुआ। यह पिछले एक महीने का सबसे मजबूत स्तर है। साथ ही 2 अप्रैल के बाद रुपये की यह सबसे बड़ी एकदिनी बढ़त रही।

RBI के नए कदमों, डॉलर में कमजोरी और कच्चे तेल की नरम कीमतों ने रुपये को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई।

अगले हफ्ते कैसी रह सकती है बाजार की चाल?

Motilal Oswal के सिद्धार्थ खेमका का मानना है कि अगले सप्ताह भारतीय शेयर बाजार सीमित दायरे में कारोबार कर सकता है। RBI के विदेशी पूंजी आकर्षित करने वाले कदम और सरकारी बॉन्ड में विदेशी निवेशकों को दी गई टैक्स राहत से मार्केट सेंटीमेंट को सहारा मिल सकता है।

निवेशकों की नजर अब कच्चे तेल की कीमतों, पश्चिम एशिया में जारी तनाव, मानसून, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की गतिविधियों और RBI के हालिया कदमों के असर पर रहेगी।

अमेरिकी बाजारों से मिले कमजोर संकेत

शुक्रवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली। मजबूत रोजगार आंकड़ों के बाद निवेशकों को आशंका है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व आगे चलकर सख्त रुख अपना सकता है।

इसी वजह से टेक्नोलॉजी शेयरों में तेज बिकवाली हुई और Nasdaq अप्रैल 2025 के बाद अपनी सबसे बड़ी एकदिनी गिरावट के साथ बंद हुआ। चिप कंपनियों के शेयरों में भी भारी दबाव देखा गया।

निफ्टी पर एक्सपर्ट्स की राय

HDFC Securities के नागराज शेट्टी का कहना है कि अगर निफ्टी 23,500 के स्तर के ऊपर मजबूती से निकलता है, तो अगले सप्ताह इसमें 23,800 से 23,900 तक की तेजी देखने को मिल सकती है। फिलहाल 23,200 का स्तर बाजार के लिए नजदीकी सपोर्ट बना हुआ है।

Angel One के हितेश राठी के मुताबिक 23,550 के ऊपर निफ्टी का शॉर्ट टर्म सेटअप मजबूत बना हुआ है। अगर इंडेक्स इस स्तर को पार कर लेता है, तो बाजार में नई खरीदारी देखने को मिल सकती है और तेजी का मोमेंटम बढ़ सकता है।

हालांकि उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर निफ्टी 23,200 से 23,100 के सपोर्ट जोन के नीचे फिसलता है, तो बिकवाली का दबाव बढ़ सकता है। ऐसी स्थिति में इंडेक्स 22,700 तक भी जा सकता है।

23230 से 23200 का दायरा अहम

SBI Securities के सुदीप शाह का मानना है कि 23,230 से 23,200 का दायरा निफ्टी के लिए सबसे अहम नजदीकी सपोर्ट रहेगा। अगर यह स्तर टूटता है, तो इंडेक्स 23,050 तक फिसल सकता है।

वहीं ऊपर की ओर 23,530 से 23,550 का दायरा तत्काल रेजिस्टेंस बना हुआ है। अगर निफ्टी 23,550 के ऊपर टिकने में सफल रहता है, तो बाजार में फिर से तेजी लौट सकती है और इंडेक्स 23,700 की तरफ बढ़ सकता है।

किसी बड़े ट्रिगर का इंतजार

HDFC Securities के नंदीश शाह ने कहा कि पिछले चार कारोबारी सत्रों से निफ्टी करीब 150 अंकों की सीमित रेंज में बंद हो रहा है। इससे संकेत मिलता है कि बाजार फिलहाल एक दायरे में फंसा हुआ है और निवेशक किसी बड़े ट्रिगर का इंतजार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि निफ्टी अभी भी अपने प्रमुख मूविंग एवरेज के नीचे कारोबार कर रहा है, इसलिए पोजिशनल ट्रेंड अभी कमजोर बना हुआ है। निकट अवधि में 23,100 से 23,150 का दायरा मजबूत सपोर्ट रहेगा। वहीं 23,557 पहला बड़ा रेजिस्टेंस है, जिसके ऊपर निकलने पर 23,800 का स्तर अगला लक्ष्य बन सकता है।

Stocks to Watch: सोमवार 8 जून को फोकस में रहेंगे ये 11 स्टॉक्स, दिख सकती है बड़ी हलचल

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।