शेयर बाजार में 24 फरवरी को बड़ी गिरावट आई। निफ्टी 1.12 फीसदी यानी 288 प्वाइंट्स गिर गया। सेंसेक्स 1.28 फीसदी यानी 1,068 प्वाइंट्स फिसला। आईटी शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली। रियल्टी स्टॉक्स पर बिकवाली का काफी ज्यादा दबाव देखने को मिला। हालांकि, फार्मा, हेल्थकेयर और मेटल शेयरों का प्रदर्शन अच्छा रहा। पीएसयू बैंक शेयरों में भी गिरावट देखने को नहीं मिली। सवाल है कि आगे बाजार चढ़ेगा या गिरेगा?
25,370-25,350 का लेवल टूटा तो बढ़ सकती है गिरावट
कोटक सिक्योरिटीज में इक्विटी रिसर्च के हेड श्रीकांत चौहान ने कहा कि निफ्टी 25,500 से नीचे चला गया है। 25,500 टूटने से पहले 25,370-25,350 पर सपोर्ट दिख रहा था। इस लेवल ने बीते छह सत्रों में बेस का काम किया है। अगर यह लेवल भी टूट जाता है तो निफ्टी में गिरावट बढ़ सकती है। यह 25,500-25,000 की तरफ बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि 25,200-25,000 के लेवल को मध्यम अवधि के लिहाज से चुनिंदा शेयरों में निवेश बढ़ाने की रेंज के रूप में देखा जाना चाहिए। तेजी की स्थिति में 25,800 के लेवल पर रेसिस्टेंस का सामना करना पड़ सकता है।
इनवेस्टर्स को 25,250 पर नजर बनाए रखना होगा
मास्टर कैपिटल सर्विसेज के एवीपी (रिसर्च एडवायजरी) विष्णु कांत उपाध्याय ने कहा कि कुल मिलाकर मार्केट का सेंटिमेंट कमजोर है। उन्होंने कहा, "इनवेस्टर्स को 25,250 के जोन पर नजर बनाए रखना होगा। अगर निफ्टी लगातार इस सपोर्ट लेवल के करीब बना रहता है तो शॉर्ट टर्म में कुछ शॉर्ट कवरिंग दिख सकती है।"
25,350 के ऊपर बने रहने पर आ सकती है रिकवरी
स्वस्तिका इनवेस्टमार्ट के हेड ऑफ रिसर्च संतोष मीणा ने कहा कि अगर निफ्टी अपने 200 डीएमए यानी 25,350 के ऊपर बना रहता है तो रिकवरी आ सकती है। उन्होंने कहा, "अगर निफ्टी अपने 200 डीएमए के नीचे चला जाता है तो तेज गिरावट का रिस्क बढ़ सकता है। सूचकांक 25,150-24,800 की तरफ बढ़ सकता है। तेजी की स्थिति में अगर निफ्टी 100-डीएमए यानी 25,750 के ऊपर बंद होता है तो यहग 26,000 और 26,300 की तरफ बढ़ सकता है।"
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में कम गिरावट
24 फरवरी को सेंसेक्स 1.28 फीसदी यानी 1,068 प्वाइंट्स गिरकर 82,225.92 प्वाइंट्स पर बंद हुआ। निफ्टी 1.12 फीसदी यानी 288 प्वाइंट्स फिसलकर 25,424 प्वाइंट्स पर क्लोज हुआ। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.3 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.55 फीसदी की गिरावट आई। आईटी इंडेक्स 4 फीसदी से ज्यादा गिरा, जबकि रियल्टी इंडक्स 2 फीसदी से ज्यादा फिसला। निफ्टी के सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयरों में टेक महिंद्रा, इंफोसिस, इटर्नल, टीसीएस और एचसीएल टेक शामिल रहे।