Niva Bupa Block Deal: निवा बूपा में होने वाली है ब्लॉक डील! किस भाव पर कितनी बिकेगी हिस्सेदारी?

Niva Bupa के शेयर 2 जून को फोकस में रहेंगे क्योंकि कंपनी में करीब 7.2% हिस्सेदारी ब्लॉक डील के जरिए बिकने की खबर है। आइए जानते हैं कि इस ब्लॉक डील में कौन हिस्सेदारी बेच सकता है और फ्लोर प्राइस क्या रहने वाली है।

अपडेटेड Jun 01, 2025 पर 8:52 PM
पिछले छह महीनों में निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस के शेयर में 23.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

Niva Bupa Block Deal: निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी (Niva Bupa Health Insurance Company Ltd.) के शेयर सोमवार (2 जून) को फोकस में रह सकते हैं। क्योंकि कंपनी में बड़ी हिस्सेदारी की ब्लॉक डील की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, Fettle Tone और Krishnan Ramchandra कुल मिलाकर 7.2% हिस्सेदारी बेचने की तैयारी में हैं।

कितनी रहेगी ऑफर प्राइस?

ब्लॉक डील के लिए प्रस्तावित ऑफर प्राइस ₹82 प्रति शेयर तय किया गया है, जो शुक्रवार के ₹91.80 के क्लोजिंग प्राइस से करीब 11% कम है। इस हिसाब से सौदे का कुल आकार ₹1,082 करोड़ के आसपास होने की उम्मीद है। आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज और कोटक महिंद्रा कैपिटल इस सौदे पर काम करने वाले इन्वेस्टमेंट बैंक हैं। मार्च तिमाही के शेयरहोल्डिंग डेटा के मुताबिक, Niva Bupa में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 55.98% है।


शुक्रवार को कंपनी के शेयर में हल्की गिरावट दर्ज की गई और यह 0.60% की गिरावट के साथ ₹91.80 पर बंद हुआ। हालांकि, बीते एक महीने में इसमें 12% तक की तेजी देखने को मिली है, जिससे निवेशकों का रुझान मजबूत रहा है।

पिछले साल आया था IPO

पिछले छह महीनों में निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस के शेयर में 23.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। ब्रिटिश बीमा कंपनी बूपा 55.98 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ इस फर्म की प्रमोटर है और ट्रू नॉर्थ वाया फेटल टोन एलएलपी के पास 17.47 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

Niva Bupa का ₹2,200 करोड़ का आईपीओ नवंबर 2024 में आया था। इसमें ₹800 करोड़ का फ्रेश इश्यू और ₹1,400 करोड़ का ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल था। Niva Bupa के शेयर ₹74 के इश्यू प्राइस के मुकाबले ₹75.45 पर सूचीबद्ध हुए, जो लगभग 2% का मामूली प्रीमियम था।

निवा बूपा का बिजनेस क्या है?

Niva Bupa एक प्रमुख स्टैंडअलोन हेल्थ इंश्योरेंस प्रोवाइडर है। यह भारत में स्वास्थ्य बीमा से जुड़े उत्पादों और सेवाओं की एक व्यापक रेंज पेश करती है। कंपनी पर्सनल और फैमिली हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी, क्रिटिकल इलनेस कवर, टॉप-अप प्लान, और कैशलेस अस्पताल नेटवर्क जैसी सुविधाएं देती है।

Niva Bupa का बिजनेस मॉडल सीधे ग्राहकों (D2C), एजेंट नेटवर्क, बैंकिंग भागीदारों (bancassurance) और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से बीमा बेचने पर केंद्रित है। यह कंपनी पहले Max Bupa के नाम से जानी जाती थी, लेकिन बाद में Bupa (UK की हेल्थकेयर कंपनी) और True North (एक भारतीय प्राइवेट इक्विटी फर्म) की साझेदारी में इसका नाम बदला गया।

यह भी पढ़ें : Zepto को बड़ा झटका: महाराष्ट्र FDA ने फूड लाइसेंस किया सस्पेंड, मुंबई के गोदाम में मिला गंदगी का भंडार

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।