Axis Bank Share Price: Q3 नतीजों से ब्रोकरेज खुश, एक भी 'सेल' रेटिंग नहीं; सिटी ने बढ़ाया टारगेट; शेयर 4% उछला

Axis Bank Share Price: मॉर्गन स्टेनली ने सबसे ज्यादा ₹1650 का प्राइस टारगेट दिया है। CLSA ने शेयर के लिए ₹1500 के प्राइस टारगेट के साथ "आउटपरफॉर्म" रेटिंग दी है। एक्सिस बैंक का दिसंबर 2025 तिमाही में शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 4 प्रतिशत बढ़ गया

अपडेटेड Jan 27, 2026 पर 4:12 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Q3 में Axis Bank की शुद्ध ब्याज आय 5 प्रतिशत बढ़कर 14287 करोड़ रुपये हो गई।

प्राइवेट सेक्टर का एक्सिस बैंक (Axis Bank) दिसंबर 2025 तिमाही के नतीजे जारी कर चुका है। रिजल्ट सामने आने के बाद इसके शेयर को कवर करने वाले 50 एनालिस्ट्स में से किसी ने भी "सेल" रेटिंग नहीं दी है। 44 ने स्टॉक पर "बाय" रेटिंग दी है, जबकि बाकी 6 ने "होल्ड" की सिफारिश की है। सिटी ने तो स्टॉक को अपग्रेड कर दिया है और प्राइस टारगेट भी बढ़ाया है।

एक्सिस बैंक का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 4 प्रतिशत बढ़कर 7010.65 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 6742.99 करोड़ रुपये था। स्टैंडअलोन शुद्ध मुनाफा बढ़कर 6489.57 करोड़ रुपये हो गया, जो दिसंबर 2024 तिमाही में 6303.77 करोड़ रुपये था। बैंक की शुद्ध ब्याज आय 5 प्रतिशत बढ़कर 14287 करोड़ रुपये दर्ज की गई, लोन ग्रोथ 14 प्रतिशत रही। शुद्ध ब्याज मार्जिन घटकर 3.64 प्रतिशत रह गया।

किस ब्रोकरेज ने क्या दी रेटिंग


सिटी ने एक्सिस बैंक की रेटिंग को "न्यूट्रल" से अपग्रेड करके "बाय" कर दिया है। प्राइस टारगेट को ₹1323 से बढ़ाकर ₹1463 प्रति शेयर कर दिया है। ब्रोकरेज ने अपने नोट में लिखा कि एक्सिस बैंक की कोर कमाई ने एक बार फिर पॉजिटिव सरप्राइज दिया है। उम्मीद है कि कम स्लिपेज, गिरती क्रेडिट कॉस्ट और कम कर्मचारी खर्चों के कारण बैंक का रिटर्न ऑन एसेट्स 1.5% रहेगा। बर्नस्टीन ने स्टॉक पर अपनी "आउटपरफॉर्म" रेटिंग और ₹1480 के प्राइस टारगेट को बरकरार रखा है। ब्रोकरेज ने एक्सिस बैंक के मार्जिन में गिरावट का कारण कॉरपोरेट-बेस्ड लोन-मिक्स में बदलाव को बताया।

CLSA ने शेयर के लिए ₹1500 के प्राइस टारगेट के साथ "आउटपरफॉर्म" रेटिंग दी है। ब्रोकरेज ने कहा कि बैंक की दिसंबर तिमाही में परफॉरमेंस अच्छी रही। शुद्ध ब्याज आय, प्री-प्रोविजनिंग ऑपरेटिंग प्रॉफिट और प्रॉफिट बिफोर टैक्स (PBT) अनुमानों से क्रमशः 2%, 7% और 10% ज्यादा रहे। नोमुरा ने एक्सिस बैंक के लिए "बाय" रेटिंग और ₹1540 प्रति शेयर का प्राइस टारगेट दिया है। ब्रोकरेज ने कहा कि बैंक की क्रेडिट कॉस्ट विजिबिलिटी में सुधार हो रहा है। दिसंबर तिमाही के दौरान एसेट क्वालिटी में सुधार देखा गया और ग्रोथ ट्रेंड बढ़ रहे हैं।

ब्रोकरेज को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2027-2028 में एक्सिस बैंक का रिटर्न ऑन एसेट्स (RoA) 1.7% से 1.8% के बीच रहेगा। रिटर्न ऑन इक्विटी (RoE) 15% रहेगा और कमाई 26% की कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट से बढ़ेगी। जेफरीज ने एक्सिस बैंक के लिए ₹1550 का प्राइस टारगेट दिया है। रेटिंग "बाय" रखी है। मॉर्गन स्टेनली ने सबसे ज्यादा ₹1650 का प्राइस टारगेट दिया है।

Paytm Shares: 10% टूटने के बाद संभला पेटीएम, इस कारण लौटा खरीदारी का रुझान

Axis Bank के शेयर में तेजी

एक्सिस बैंक के शेयर में 27 जनवरी को 6 प्रतिशत तक की तेजी दिखी। BSE पर शेयर 1333.50 रुपये के हाई तक गया। बाद में शेयर 4 प्रतिशत से ज्यादा बढ़त के साथ 1314.45 रुपये पर सेटल हुआ।बैंक का मार्केट कैप 4 लाख करोड़ रुपये के पार निकल गया है। शेयर एक साल में लगभग 40 प्रतिशत की तेजी देख चुका है।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।