Noel Tata on Tata Sons Listing: देश के सबसे प्रतिष्ठित कारोबारी समूह टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी टाटा संस की संभावित पब्लिक लिस्टिंग को लेकर टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने बड़ा बयान दिया है। एक कार्यक्रम में बोलते हुए नोएल टाटा ने चिंता जताई कि अगर कंपनी शेयर बाजार में लिस्ट होती है, तो शेयरधारकों का दबाव बढ़ सकता है, जिससे 'परोपकार' की जगह 'मुनाफा' हावी हो सकता है।
उन्होंने साफ कहा कि यह कदम टाटा समूह के काम करने के बुनियादी तरीके और संस्थापक सिद्धांतों को हमेशा के लिए बदल सकता है। वैसे उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि टाटा ट्रस्ट्स इस मुद्दे का हल निकालने के लिए नियामकों और अन्य हितधारकों के साथ मिलकर रचनात्मक भूमिका निभाएगा।
नोएल टाटा के भाषण की 5 सबसे बड़ी बातें
1. नोएल टाटा ने कहा कि अगर भविष्य में कंपनी के 30,000 से 40,000 शेयरधारक हो जाते हैं, तो मुनाफा कमाने की होड़ परोपकार की भावना पर भारी पड़ सकती है। उन्होंने जोर दिया कि समूह की विचारधारा किसी व्यक्ति विशेष के नेतृत्व पर नहीं, बल्कि उसकी निरंतरता पर टिकी रहनी चाहिए।
2. समूह की रणनीतिक दिशा को सही बताते हुए उन्होंने स्वीकार किया कि बड़े और लंबे समय तक चलने वाले प्रोजेक्ट्स को पूरा करने और पूंजी आवंटन में और अधिक अनुशासन लाने की आवश्यकता है।
3. रिटेल कारोबार पर बात करते हुए नोएल टाटा ने बताया कि देश में बढ़ती खपत के बीच वेस्टसाइड के मौजूदा 320 स्टोर्स को बढ़ाकर 500 से ज्यादा करने की योजना है। उन्होंने बताया कि कपड़े और डिजाइन से लेकर ग्राहक तक सीधा उत्पाद पहुंचाने के प्राइवेट-लेबल मॉडल ने टाटा को भारत का शुरुआती D2C खिलाड़ी बनाया।
4. साल 2016 में जूडियो को लॉन्च करने की सोच साझा करते हुए उन्होंने कहा कि इसका मकसद आम आदमी को किफायती दामों पर बेहतर और आकांक्षी फैशन उपलब्ध कराना था। जूडियो के शुरुआती प्रोडक्ट्स ₹199 से शुरू होकर ₹999 तक जाते थे और एक दशक बाद भी इसकी शुरुआती कीमतें नहीं बदली हैं।
5. नोएल टाटा ने कहा कि ग्रुप खुद को देश के औद्योगिक विकास का साझेदार मानता है। इसी सोच के तहत पारंपरिक व्यवसायों से आगे बढ़कर सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रिक वाहन (EV) बैटरी जैसे उभरते क्षेत्रों में बड़ा निवेश किया जा रहा है।
टाटा ट्रस्ट्स की जिम्मेदारी पर क्या बोले नोएल टाटा?
टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन के रूप में अपने अनुभवों को साझा करते हुए नोएल टाटा ने कहा कि इस भूमिका ने उन्हें देश के वंचित वर्गों की चुनौतियों को गहराई से समझने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि समाज के एक बड़े हिस्से की समस्याओं को देखकर विनम्रता का अहसास होता है, साथ ही यह भी दिखता है कि परोपकार के जरिए इन समस्याओं को सुलझाने की कितनी बड़ी गुंजाइश मौजूद है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।