Noel Tata Retirement: टाटा ग्रुप में बड़ा फेरबदल! 11 नवंबर को रिटायर होंगे नोएल टाटा, अब इन्हें मिली 'ट्रेंट' की कमान

Noel Tata Retires: टाटा ग्रुप की रिटेल दिग्गज 'ट्रेंट लिमिटेड' के चेयरमैन नोएल टाटा 11 नवंबर को अपने पद से रिटायर होने जा रहे हैं। कंपनी ने उनके 29 वर्षों के अमूल्य योगदान के लिए उन्हें 'चेयरमैन एमेरिटस' नियुक्त करने का फैसला किया है। 12 नवंबर से बहराम वकील ट्रेंट के नए प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। जानिए इस बदलाव के पीछे की बड़ी वजह?

अपडेटेड Oct 29, 2026 पर 5:36 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
यह फैसला टाटा ग्रुप की गवर्नेंस गाइडलाइंस के तहत लिया गया है

Trent Ltd Board Changes: टाटा ग्रुप की रिटेल कंपनी 'ट्रेंट लिमिटेड' के बोर्ड में बड़ा फेरबदल हुआ है। कंपनी ने गुरुवार, 29 अक्टूबर को शेयर बाजारों को दी जानकारी में बताया कि नोएल एन. टाटा 11 नवंबर 2026 को कामकाजी घंटे खत्म होने के साथ ट्रेंट के चेयरमैन और डायरेक्टर पद से रिटायर हो जाएंगे।

ट्रेंट में उनके ऐतिहासिक योगदान को देखते हुए बोर्ड ने उन्हें 12 नवंबर 2026 से चेयरमैन एमेरिटस नियुक्त करने का फैसला किया है। यह फैसला टाटा ग्रुप की गवर्नेंस गाइडलाइंस के तहत लिया गया है।

29 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा और नोएल टाटा का संदेश


ट्रेंट के बोर्ड ने पिछले 29 वर्षों में कंपनी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने के लिए नोएल टाटा के योगदान की सराहना की। उनके नेतृत्व में ट्रेंट ने भारतीय रिटेल और फैशन सेक्टर में मजबूत पहचान बनाई है।

ट्रेंट के सितंबर तिमाही (Q2 FY27) के नतीजों के बाद अपने संदेश में नोएल टाटा ने कहा, 'ट्रेंट के चेयरमैन के रूप में अपना कार्यकाल समाप्त करते हुए मुझे कंपनी की हालिया प्रगति पर बेहद खुशी है। एक नए नवेले ब्रांड से लेकर फैशन सेक्टर के अग्रणी खिलाड़ी बनने तक की ट्रेंट की इस परिवर्तनकारी यात्रा का गवाह बनना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही है।'

बहराम वकील होंगे ट्रेंट के नए चेयरमैन

नोएल टाटा के रिटायरमेंट के बाद कंपनी की कमान नए हाथों में होगी। इसके अलावा बोर्ड में दो नए डायरेक्टर्स को भी शामिल किया गया है। नोएल टाटा के रिटायरमेंट के बाद बहराम वकील 12 नवंबर 2026 से ट्रेंट के नए चेयरमैन के रूप में पदभार संभालेंगे। बोर्ड ने राजीव दुबे को 30 अक्टूबर से नॉन-एग्जीक्यूटिव, नॉन-इंडिपेंडेंट एडिशनल डायरेक्टर नियुक्त किया है। राजीव दुबे के पास टाटा मोटर्स और आदित्य बिड़ला ग्रुप समेत विभिन्न सेक्टर्स में 40 से अधिक वर्षों का अनुभव है।

साथ ही कल्पना मर्चेंट को 30 अक्टूबर 2026 से 29 अक्टूबर 2029 तक 3 साल की अवधि के लिए इंडिपेंडेंट एडिशनल डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। उनके पास कानूनी क्षेत्र में 45 वर्षों से अधिक का लंबा अनुभव है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।