NSDL Share Price: तीन दिनों में IPO निवेशकों को 68% रिटर्न, CDSL की तुलना में अब ये है स्थिति

NSDL Share Price: नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (NSDL) ने आईपीओ निवेशकों को छप्परफाड़ रिटर्न दिया है। लिस्टिंग के तीसरे ही दिन आईपीओ निवेशकों की पूंजी 62% से अधिक बढ़ गई। जानिए कि इस तेजी के साथ ही इसके शेयर सेंट्रल डिपॉजिटरी सर्विसेज लिमिटेड (CDSL) की तुलना में कितना ऊपर या नीचे भाव पर हैं? दोनों के वैल्यूएशन में कितना फर्क है?

अपडेटेड Aug 08, 2025 पर 4:36 PM
Story continues below Advertisement
NSDL Share Price: डिपॉजिटरी सर्विसेज मुहैया कराने वाली नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजटरी लिमिटेड (NSDL) के शेयर बीएसई पर 6 अगस्त को लिस्ट हुए थे और तब से इसके शेयर लगातार ऊपर चढ़ रहे हैं।

NSDL Share Price: डिपॉजिटरी सर्विसेज मुहैया कराने वाली नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजटरी लिमिटेड (NSDL) के शेयर बीएसई पर 6 अगस्त को लिस्ट हुए थे और तब से इसके शेयर लगातार ऊपर चढ़ रहे हैं। इसके ₹800 के शेयर 10% प्रीमियम पर लिस्ट होने के बाद से महज तीन दिनों में आज के इंट्रा-डे हाई के हिसाब से आईपीओ निवेशकों की पूंजी करीब 67.82% बढ़ा चुके हैं। सिर्फ आज की ही बात करें तो आज इंट्रा-डे में इसका शेयर 19.53% उछलकर ₹1342.60 पर पहुंच गया था। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया लेकिन अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। दिन के आखिरी में बीएसई पर यह 15.77% की तेजी के साथ ₹1300.30 पर बंद हुआ है।

NSDL vs CDSL: भाव में कितना अंतर?

तीन दिनों में एनएसडीएल के शेयर ₹880 के लिस्टिंग प्राइस से 52.57% ऊपर चढ़कर ₹1319.80 के हाई तक पहुंच गए तो दूसरी तरफ इस दौरान सीडीएसएल के शेयर आधे फीसदी से थोड़ा ही अधिक उछलकर आज ₹1,576.60 पर पहुंचे। तीन दिनों की तेजी के साथ-साथ एनएसडीएल का वैल्यूएशन अब सीडीएसएल की तुलना में महंगा हो गया है। एक साल के फारवर्ड अर्निंग्स के आधार पर सीडीएसएल के 62 गुना की तुलना में एनएसडीएल का शेयर 73 गुना भाव पर है। हालांकि अभी किसी एनालिस्ट ने इसकी कवरेज शुरू की है।


NSDL IPO को मिला था शानदार रिस्पांस

एनएसडीएल का ₹4,011.60 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 30 जुलाई से 1 अगस्त तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 41.02 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 103.97 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 34.98 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 7.76 गुना और एंप्लॉयीज का हिस्सा 15.39 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत कोई नया शेयर नहीं जारी हुआ है तो इसका कोई पैसा एनएसडीएल को नहीं मिला। आईपीओ के ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत ₹2 की फेस वैल्यू वाले 5,01,45,001 शेयरों की बिक्री हुई है और पूरा पैसा शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है।

NSDL के बारे में

वर्ष 2012 में बनी एनएसडीएल सेबी के पास रजिस्टर्ड मार्केट इंफ्रास्ट्रक्चर इंस्टीट्यूशन (MII) है। यह देश में सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी के तौर पर काम करती है। इसका काम सिक्योरिटीज के अलॉटमेंट और मालिकाना हक के ट्रांसफर के इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड मेंटेन करना है। यह डीमैटरलाइजेशन, ट्रेड सेटलमेंट, ऑफ-मार्केट ट्रांसफर, सिक्योरिटीज के गिरवी इत्यादि सर्विसेज देती है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है।

वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹234.81 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹275.45 करोड़ और वित्त वर्ष 2025 में ₹343.12 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना 18% से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹1,535.19 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रिजर्व और सरप्लस भी बढ़ा है जोकि वित्त वर्ष 2023 में ₹199.08 करोड़ और वित्त वर्ष 2024 में ₹216.32 करोड़ से वित्त वर्ष 2025 में ₹232.31 करोड़ पर पहुंच गया।

Swiggy समेत इन चार स्टॉक्स में आएंगे ₹2260 करोड़! तो इन शेयरों से हो सकती है भारी-भरकम निकासी

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।